Ranchi:इवेंट में डोमिनो पिज्जा ने लगाया था सेटअप, 10 लाख का सामान हो गया चोरी, स्टोर मैनेजर ने दर्ज कराई प्राथमिकी
राँची। राँची के धुर्वा में एक इवेंट के लिए लगाया गया पिज़्ज़ा स्टॉल रहस्यमय ढंग से खाली हो गया। शहीद मैदान में लगे स्टॉल से ओवन, गैस सिलेंडर और एसएस टेबल समेत पूरा सेटअप गायब हो गया। डोमिनो पिज्जा के स्टोर मैनेजर आदर्श राज ने धुर्वा थाने में 10 लाख रुपए के सामान चोरी का मामला दर्ज कराया है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 7 से 14 फरवरी तक चलने वाले एक इवेंट के लिए उन्हें धनबाद की ऑर्गनाइजिंग कंपनी ने धुर्वा में स्टॉल लगाने के लिए बुलाया था। टीम ने ओवन का पूरा सेटअप लगा दिया, लेकिन इवेंट दो दिन में ही बंद हो गया और सेटअप हटाने की कोई सूचना नहीं दी गई। 11 फरवरी की सुबह जब टीम स्थल पर पहुंची तो वहां ओवन, सिलेंडर और स्टील टेबल तीनों गायब थे। आसपास पूछताछ और आयोजकों से संपर्क के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद धुर्वा थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि आयोजक और टेंट लगाने वालों से पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

