Ranchi:रकम दोगुनी करने के झांसे में 23 लाख की ठगी, केस दर्ज,ठगी से परेशान परिवार,सदमे में पिता की मौत का आरोप….
राँची। रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक किशोर से करीब 23 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में हिन्दपीढ़ी नाला रोड निवासी कमरून निशा ने थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बोकारो के अमन हाशमी, उसके पिता फिरोज अहमद और चाचा चुन्न पर धोखाधड़ी व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
आवेदन में बताया गया है कि वर्ष 2025 के अक्टूबर महीने में उनके 16 वर्षीय पुत्र मो. जैद की मुलाकात अमन हाशमी से रांची में हुई थी। अमन ने खुद को विद्यार्थी और व्यवसायी बताते हुए जैद से दोस्ती कर ली। आरोप है कि वह पढ़ाई के बहाने उसे कांटाटोली स्थित एक फ्लैट में बुलाता था और वहीं उसे एक बिजनेस स्कीम में निवेश करने के लिए लगातार प्रेरित करता था। बताया गया कि अमन हाशमी ने जैद को भरोसा दिलाया कि निवेश की गई रकम एक महीने में दोगुनी कर दी जाएगी। शुरुआत में तीन लाख रुपये निवेश कराने के बाद उसने रकम दोगुनी कर विश्वास भी दिला दिया। इसके बाद किशोर उसके झांसे में आ गया और परिवार से कहकर पर्सनल लोन, गोल्ड लोन और क्रेडिट कार्ड के जरिए धीरे-धीरे करीब 23 लाख रुपये नकद व ऑनलाइन उसे दे दिए।
आरोप है कि अमन ने जैद को अपनी दोपहिया गाड़ी तक बेचने के लिए मजबूर कर दिया। निवेश की अवधि पूरी होने के बाद जब जैद ने पैसे वापस मांगे तो अमन टालमटोल करने लगा। आरोप है कि बाद में वह उसे पैसे लौटाने का बहाना बनाकर दिल्ली भी ले गया और उसके मोबाइल से सबूत मिटाने की कोशिश की तथा जान से मारने की धमकी दी।
कमरून निशा के अनुसार, इस ठगी से उनके पति मजहर आलम गहरे सदमे में आ गए थे। इसी तनाव के कारण उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ और 25 जनवरी 2026 को उनकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया है कि अमन हाशमी, उसके पिता और चाचा अब भी उनके पुत्र को धमकी भरे संदेश भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।

