Ranchi:शादी का झांसा देकर सब-इंस्पेक्टर ने युवती से बनाया शारीरिक सम्बंध,उसके बाद शादी करने से किया इनकार..एफआईआर दर्ज..
राँची।झारखण्ड के पलामू जिले की एक युवती ने सिमडेगा वायरलेस कार्यालय में कार्यरत एक सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराया है।युवती की शिकायत पर राँची के महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।युवती के अनुसार, दारोगा रमेश भारती ने शादी का वादा करके उसका भरोसा जीता और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में कहा गया है कि दारोगा ने कई बार युवती का यौन शोषण किया।जब युवती ने शादी की बात को लेकर दबाव बनाया, तो दारोगा ने न केवल अपने वादे से मुकर गया, बल्कि युवती के साथ मारपीट भी की।इस घटना से आहत युवती ने हिम्मत जुटाकर राँची के महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
राँची के महिला थाने में दिए गए आवेदन में पीड़िता ने बताया है कि वह मूल रूप से झारखण्ड के पलामू की रहने वाली है।वह पढ़ाई के लिए राँची के एक हॉस्टल में रह रही है।राँची में रहने के दौरान इंस्टाग्राम के जरिए उसकी जान-पहचान झारखण्ड पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर से हुई, जो सिमडेगा वायरलेस कार्यालय में कार्यरत है।धीरे-धीरे सब-इंस्पेक्टर से उसकी जान-पहचान प्यार में बदल गई।इस दौरान दोनों की मुलाकातें भी होने लगीं।इसी बीच सब-इंस्पेक्टर उसे राँची के पुंदाग स्थित अपने आवास पर भी ले जाने लगा, जहां उनके बीच कई बार शारीरिक संबंध भी बने। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर उससे शादी करने की बात करता रहा और लगातार संबंध भी बनाता रहा।लड़की का आरोप है कि जब उसने सब-इंस्पेक्टर से शादी की बात की तो पहले तो वह टालता रहा, लेकिन जब उसने उस पर दबाव डाला तो सब-इंस्पेक्टर ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और बात करना भी बंद कर दिया।इसी बीच, लड़की बीते जून महीने में सब-इंस्पेक्टर से मिलने और बात करने सिमडेगा पहुंची,जहां सब-इंस्पेक्टर ने बस स्टैंड पर ही उसकी पिटाई कर दी और उसे वहां से भगा दिया।लड़की ने अपने आवेदन में यह भी लिखा है कि इसी बीच उसके पिता की तबीयत खराब हो गई, जिसके कारण वह अपने घर लौट आई।वापस लौटने पर उसने महिला थाने में आकर प्राथमिकी दर्ज कराई।अपनी प्राथमिकी में लड़की ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।इधर लड़की की शिकायत पर महिला थाने में कांड संख्या 20/2025 दर्ज कर लिया गया है।मामले की जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर निर्मला महतो को दी गई है।

