Ranchi:जेवर दुकान खुलते ही लाखों के गहनों से भरा बैग उड़ा ले गए अपराधी,जांच में जुटी पुलिस
राँची।राजधानी राँची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक जेवर दुकान से लाखों के गहनों से भरा बैग अपराधी उड़ा ले गए।गोंदलीपोखर के रुचि ज्वेलर्स में हुई इस वारदात में अपराधियों के हाथ लाखों के गहने लगे हैं।वहीं जानकारी मिलने के बाद अनगड़ा पुलिस तफ्तीश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार,अनगड़ा प्रखंड के गोंदलीपोखर स्थित रुचि ज्वेलर्स से बाइक सवार दो अपराधी गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।दिनदहाड़े हुई वारदात की वजह से बाजार में सननसी फैल गई। जेवर दुकान के मालिक शेखर सोनी ने बताया कि वे हर दिन की तरह शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे अपने घर से गहनों से भरा बैग लेकर अपने जेवर दुकान पहुंचे थे।
दुकान खोलने के बाद पास में ही गहनों से भरा बैग रख कर पूजा करने लगे।जैसे ही उन्होंने अगरबत्ती दिखाना शुरू किया, तभी दुकान में अचानक एक युवक आया और गहनों से भरा बैग लेकर बाहर भाग गया।एक अपराधी बाइक स्टार्ट कर दुकान के बाहर ही था, देखते ही देखते दोनों बाइक से फरार हो गए। शेखर सोनी ने शोर भी मचाया, लेकिन अपराधी तेजी के साथ फरार हो गए। उन्होंने बताया कि बैग में लाखों के गहने रखे हुए थे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद अनगड़ा पुलिस मौके पर पहुंचकर तहकीकात में जुट गई है।इस संबंध में सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव ने बताया की वारदात लूट की नहीं है, बल्कि दुकान में रखे गहनों से भरे बैग को अज्ञात अपराधियों के द्वारा ले जाया गया है। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई है। दुकान के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। बैग में कितने मूल्य के गहने थे इसकी जानकारी अभी जेवर दुकान के मालिक के द्वारा नहीं दी गई है।
जिस मार्केट में रुचि ज्वेलर्स स्थित है उसी में इंडियन ओवरसीज बैंक का भी एक ब्रांच है।सीनियर पुलिस अधिकारियों का यह निर्देश भी है कि बैंक खुलने के समय बैंक के आसपास पुलिस गश्ती होते रहना चाहिए, लेकिन जिस समय जेवर दुकान में अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है, उस समय बैंक के आसपास कोई पुलिसकर्मी या गश्ती दल मौजूद नहीं था। यही वजह रही कि अपराधी दिनदहाड़े जेवर दुकान में पहुंचे और जेवर से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
पुलिस को आशंका है कि अपराधी जेवर दुकान के मालिक का कई दिनों से रेकी कर रहे थे। दुकान आने और जाने का एक ही समय जानकर अपराधियों में वारदात को अंजाम दिया और फरार होने में भी कामयाब हो गए।

