Ranchi:जिम में महिला से मारपीट व अभद्रता का आरोप, महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज
राँची।राँची के हटिया स्थित एक जिम में एक महिला सदस्य के साथ कथित मारपीट,गाली-गलौज और धमकी के मामले में लिखित शिकायत देकर जगन्नाथपुर थाने में आठ के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता कंचन सिंह ने आठ के विरुद्ध आरोप लगाया है कि 10, 13 और 14 फरवरी 2026 को जिम परिसर में प्रशिक्षु मेघना तथा उसके सहयोगियों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और 14 फरवरी को बैठक के दौरान बाल खींचकर कुर्सी से गिराने की कोशिश की गई। शिकायत में जिम प्रबंधन पर भी निष्क्रियता और मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। बताया गया है कि 10 और 13 फरवरी को हुए विवाद की जानकारी प्रबंधन को देने के बावजूद कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं हुई। 14 फरवरी को दोनों पक्षों को बुलाकर हुई बैठक में कथित रूप से मारपीट की घटना हुई, जिसके बाद पुलिस को फोन कर बुलाया गया। शिकायतकर्ता ने घटना से जुड़े आंशिक सीसीटीवी फुटेज पेन ड्राइव में उपलब्ध कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मामले में जिम से जुड़े कुछ अन्य व्यक्तियों—विशु, बसंत, रजनीश, आरती, प्रतिभा, उज्ज्वल और निशांत—पर भी सहयोग का आरोप लगाया गया है। पुलिस से घटना की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

