Ranchi:आईपीएल के बाद अब मछली पकड़ते दिखे महेंद्र सिंह धोनी
राँची।आईपीएल की चकाचौंध से दूर,अब महेंद्र सिंह धोनी अपनी सादगी भरी जिंदगी में लौट आए हैं।सोशल मीडिया पर उनकी एक नई तस्वीर सामने आई है, जिसमें वे मछली पकड़ते नजर आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि यह नजारा राँची स्थित उनके फार्महाउस का है, जहां वे इन दिनों सुकून के पल बिता रहे हैं।
तस्वीर में धोनी काली टी-शर्ट पहने नजर आ रहे हैं, जिस पर लिखा है “ड्यूटी, ऑनर, कंट्री”. आपको बता दें, धोनी टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं और 2019 में वे जम्मू-कश्मीर में तैनात विक्टर फोर्स के साथ ड्यूटी कर चुके हैं।
एमएस धोनी की यह तस्वीर राँची में रहने वाले उनके फैन सुबोध कुमार ने ली है।सुबोध राँची में क्रिकेट एकेडमी चलाते हैं।सुबोध ने बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ धोनी के फार्म हाउस गए थे। इसी दौरान उन्होंने मछली पकड़ते धोनी की यह तस्वीर ली है।
इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स का सफर कुछ खास नहीं रहा।टीम ने कुल 14 मैच खेले, लेकिन सिर्फ चार में ही जीत दर्ज कर सकी। शुरुआत में टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में थी, लेकिन बाद में धोनी ने कमान संभाली।हालांकि, नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे और टीम अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर रही।
धोनी की बैटिंग पर नजर डालें तो उन्होंने सीजन में 196 रन बनाए। हमेशा की तरह वे निचले क्रम में बल्लेबाजी करने आए और कम गेंदों में ज्यादा रन बनाने की कोशिश की। उनका स्ट्राइक रेट 135 से ऊपर रहा, जो उनके आक्रामक अंदाज को दर्शाता है।
आईपीएल के बाद धोनी अब पूरी तरह रिलैक्स मूड में हैं।राँची में अपने 44 एकड़ के फार्महाउस में खेती, पशुपालन और अब मछली पकड़ना उनका शौक बन गया है। इससे पहले भी वे ट्रैक्टर चलाते और खेत में सब्जियां उगाते नजर आ चुके हैं।धोनी का यह देसी अंदाज फैन्स को काफी पसंद आ रहा है।
रिटायरमेंट को लेकर अटकलें जरूर चल रही हैं, लेकिन धोनी ने खुद स्पष्ट कर दिया है कि वे फिलहाल कोई निर्णय नहीं लेने वाले. उन्होंने कहा था कि अगले 4-5 महीने वे अपनी फिटनेस पर ध्यान देंगे और फिर तय करेंगे कि आगे क्या करना है।
फिलहाल मैदान के ‘माही’ अब जिंदगी के मैदान में कुछ अलग तरह की कप्तानी कर रहे हैं। जहां न स्कोरबोर्ड है, न चीयरलीडर्स – सिर्फ शांति है, प्रकृति है और अपनों का साथ है।