रामगढ़:युवती ने दामोदर पुल से लगाई छलांग,राहगीरों ने बचाया जान..माँ की डांट से नाराज होकर उठाया कदम..
रामगढ़।।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के नईसराय स्थित दामोदर पुल पर उस समय अफरातफरी मच गई जब एक युवती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। हालांकि,पुल के पास मौजूद लोगों की तत्परता से उसकी जान बच गई। युवती की पहचान कोमल कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि उसने घरेलू विवाद और मां की डांट-फटकार से नाराज होकर आत्महत्या का प्रयास किया।राहगीरों ने जब उसे छलांग लगाते देखा तो तुरंत शोर मचाया और कुछ लोग नदी किनारे उतरकर उसे बाहर निकालने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोमल कुमारी किसी पारिवारिक विवाद को लेकर मानसिक तनाव में थी। दोपहर वह घर से निकली और सीधे दामोदर पुल पर पहुंच गई। वहां खड़ी होकर कुछ देर तक वह नदी की ओर देखती रही, फिर अचानक नीचे कूद गई।उसी समय पुल से गुजर रहे कुछ लोगों ने यह दृश्य देखा और बिना देर किए मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से युवती को पानी से बाहर निकाला गया और उसकी जान बच गई। पलिस को सूचना मिलते ही उसे रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि युवती को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन वह अब खतरे से बाहर है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया है कि उसने मां की डांट से नाराज होकर यह कदम उठाया था। पुलिस ने युवती और उसके परिजनों से बातचीत की और उन्हें समझाया कि ऐसे हालात में संवाद सबसे जरूरी होता है, न कि आत्महत्या जैसा कदम।
घटना की खबर फैलते ही दामोदर पुल और आसपास के इलाकों में लोगों की भीड़ लग गई थी। थाना प्रभारी ने कहा कि युवती अब सुरक्षित है और परिवार के पास है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मानसिक या पारिवारिक तनाव की स्थिति में तुरंत मदद लें और आत्महत्या जैसा कदम न उठाएं।

