लातेहार में कॉलेज निर्माण में लगे जेसीबी और ट्रैक्टर में लगाई गई आग, नक्सली थे या अपराधी ! पुलिस जांच में जुटी
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के बेतर गांव में निर्माणाधीन एक निजी कॉलेज में काम कर रहे एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी गई।समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना को नक्सलियों ने या अपराधियों ने अंजाम दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीती रात अज्ञात लोग अचानक कॉलेज परिसर में घुस आए और वहां खड़ी जेसीबी और ट्रैक्टर में आग लगा दी। कुछ ही देर में आग भड़क गई और दोनों वाहन पूरी तरह से इसकी चपेट में आ गए।वाहनों में आग लगते देख पुलिस को सूचना दी गई।बेतर गांव स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे।
कॉलेज परिसर में काम कर रहे मजदूरों और अन्य लोगों ने पानी और बालू डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके थे।सूत्रों से पता चला है कि नक्सली कुछ समय से रंगदारी मांगने की धमकियां दे रहे थे।हालांकि, घटना के बाद कोई पर्चा या पोस्टर नहीं फेंके जाने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना को किसने अंजाम दिया।
लातेहार के डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि घटना को किसने अंजाम दिया, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस घटना में जो लोग भी शामिल हैं, पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
बेतर गांव लातेहार जिले के सबसे सुदूरवर्ती गांवों में से एक है।यह राँची और लोहरदगा जिलों की सीमा पर स्थित है।लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद, यहां पहुंचने के लिए लोहरदगा जिले की सीमा पार करनी पड़ती है। बेतर जाने का रास्ता लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड मुख्यालय से होकर जाता है। चंदवा थाना क्षेत्र से दूर होने के कारण, यह अपराधियों के लिए आसान निशाना माना जाता है।हालांकि, आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गांव में एक पुलिस पिकेट भी स्थापित की गई है।

