जमशेदपुर में आंख में मिर्च पाउडर डालकर दिनदहाड़े 30 लाख की लूट,जांच में जुटी है पुलिस..

 

जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर शहर के बिष्टुपुर गुरुद्वारा बस्ती में एक बार फिर दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना हुई है। गुरुवार को एक व्यापारी की आंख में मिर्च का पाउडर डालकर उससे 30 लाख रुपए लूट लिये गये।व्यापारी ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की,तो इनोवा पर सवार अपराधियों ने व्यापारी साकेत आगीवाल पर गोली भी चलायी। हालांकि, साकेत बाल-बाल बच गये।

अपराधियों ने स्कूटी पर जा रहे साकेत आगीवाल को घेर कर रोका।लुटेरों ने पहले उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद भी जब साकेत ने पीछा किया,तो बदमाशों ने भागने के क्रम में हवा में गोली भी चलायी है।

बताया जाता है कि साकेत रुपए से भरा बैग लेकर बैंक में जमा कराने जा रहा था।घटना की जानकारी मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस वहां पहुंच गयी।आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। बिष्टुपुर गुरुद्वारा में लगे सीसीटीवी की भी पुलिस टीम मदद ले रही है।पुलिस ने फिलवक्त कुछ भी बताने से इनकार किया है।

बता दें सोनारी में बुधवार को स्वर्णाभूषण दुकान से 15 लाख से अधिक के जेवरात लूटकर 6 लुटेरे फरार हो गये थे।जिला पुलिस की कई टीमें उनकी गिरफ्तारी में लगी हुई हैं, इसी बीच अपराधियों ने बिष्टुपुर में 30 लाख रुपये की लूट को अंजाम दे दिया।

error: Content is protected !!