राजधानी राँची के कुप्पुस्वामी रेस्टोरेंट के संचालक की फंदे पर लटकी मिली लाश,जांच में जुटी है पुलिस…
राँची।राजधानी राँची के कांके थाना क्षेत्र के जगतपुरम में कुप्पुस्वामी रेस्टोरेंट के संचालक शंकर नारायण नायर की लाश उनके कमरे में फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने बताया कि सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने अंदर झांककर देखा। शंकर नारायण फंदे पर लटके हुए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही कांके थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। शुरुआती जांच में पता चला कि शंकर नारायण लंबे समय से तनाव में थे। उन पर कर्ज का दबाव भी था, जिसके कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई थी।परिवार के लोगों ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से कम बोलते थे और अक्सर परेशान दिखते थे। पुलिस को आशंका है कि यही तनाव उनकी मौत की वजह बन सकता है। हालांकि, अभी आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।पुलिस ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मोबाइल फोन, कमरे के सामान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ हो रही है ताकि पूरी जानकारी सामने आ सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण साफ हो पाएगा। मंगलवार तक शव परिवार को सौंपा जा सकता है।
परिवार वालों ने बताया कि शंकर की दो शादियां हुई थीं। उनकी पहली पत्नी की 10 साल पहले मौत हो गई थी।पहली पत्नी से दो बेटे हैं।उन्होंने छह साल पहले दूसरी शादी की थी, जिसे कोई बच्चे नहीं हैं।शंकर की दूसरी पत्नी ने भी कर्ज को ही अपने पति की मौत की वजह बताई।
कुप्पूस्वामी का है क्रेज
शंकर की आत्महत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि उन पर ऐसा कौन सा कर्ज था, जिसकी वजह से उन्होंने अपनी जान दे दी। क्योंकि कुप्पूस्वामी राँची में साउथ इंडियन खाने के लिए एक जाना-माना नाम है।कांके रोड स्थित इस रेस्टोरेंट में पूरे राँची से लोग सिर्फ साउथ इंडियन डिश का आनंद उठाने के लिए आते हैं।

