धनबाद के खरखरी बाजार में ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के खरखरी बाजार में रविवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है।बाजार स्थित “अमर ज्वेल्स” नामक ज्वेलरी शॉप में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ज्वेलरी शॉप की हालत काफी जर्जर थी और छत खपरैला होने के कारण चोरों को अंदर घुसने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई।आशंका जताई जा रही है कि चोर पीछे की ओर से सेंध लगाकर दुकान में दाखिल हुए।पुलिस के मुताबिक, करीब चार लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात चोरी होने की संभावना है। हालांकि, सटीक आंकड़ा ऑडिट के बाद ही सामने आएगा।पीड़ित दुकानदार श्रीकांत वर्मा ने बताया कि चोरों ने दुकान में घुसने के बाद बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया।चोरों ने ग्लैंडर मशीन से लॉकर काटा और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात निकाल लिये। यही नहीं, पहचान छिपाने के इरादे से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डिवाइडर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।पुलिस का मानना है कि चोरी पूरी प्लानिंग के साथ की गई।खरखरी बाजार चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है।इससे पहले भी इसी ज्वेलरी शॉप में तीन बार चोरी हो चुकी है। बार-बार हो रही घटनाओं से इलाके के व्यापारियों में गहरी नाराजगी और दहशत का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि रात में बाजार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुबन पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों से पूछताछ और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
..
..
..
..
..
..
..
..
..

