सांसद निशिकांत दुबे को पुलिस ने नहीं किया गिरफ्तार…MP MLA कोर्ट से अनुमति के बाद कार्रवाई…
देवघर।श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जबरन निकास द्वार से घुसकर जलार्पण करने का आरोप लगाकर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे और दिल्ली सांसद मनोज तिवारी समेत पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे शनिवार को बाबा मंदिर थाना गिरफ्तारी देने पहुंचे। यहां पुलिस और सांसद के बीच बातचीत हुई। पुलिस ने सांसद निशिकांत दुबे को गिरफ्तार नहीं किया।
थाने से बाहर निकलने के बाद सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि पुलिस ने मुझसे कहा कि मामले को एमपी-एमएलए कोर्ट को भेजा गया है। वहां स्वीकार नहीं हुआ है। वहां स्वीकार होने के बाद जिन धाराओं में केस हुआ है, उसके आधार सेक्शन 41 के तहत शिकायतकर्ता को तीन बार नोटिस भेजा जाएगा। इसके बाद अगर कोई संभावना बनेगी तब गिरफ्तारी की जाएगी।
आदित्य वाहिनी के प्रदेश महामंत्री सह पंडा धर्म-रक्षिणी सभा के पूर्व महामंत्री कार्तिकनाथ ठाकुर की शिकायत पर बाबा मंदिर थाने में दर्ज केस पर गिरफ्तारी को लेकर निशिकांत दुबे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर लिखा-शनिवार सुबह मैं दिल्ली से देवघर आऊंगा। सीधे थाने जाऊंगा और गिरफ्तारी दूंगा। झारखण्ड सरकार ने मुझ पर अब तक 51 केस दर्ज किया है। अब पूजा को लेकर केस किया गया है।
इधर, दिल्ली से गिरफ्तारी देने पहुंचे निशिकांत दुबे ने देवघर एयरपोर्ट पर कहा कि यदि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी जी के मनसा उन्हें जेल भेजने की है तो वह जेल जाने को तैयार हैं। लेकिन सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं कोई भगोड़ा नहीं की भाग जाऊंगा। जो मुकदमा बाबा मंदिर थाने में की गई है वह एक गैरकानूनी व्यक्ति के द्वारा की गई है। जिन्होंने केस किया वो खुद पंडा नहीं है। मेरा सवाल है वह गर्भगृह में कैसे पहुंचे। केस तो उन पर होना चाहिए।

