क्रशर प्लांट में खड़ी पोकलेन को अपराधियों ने किया आग के हवाले,फायरिंग करते हुए भागा… जांच में जुटी है पुलिस…
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में अपराधियों ने पोकलेन में आग लगा दी और फायरिंग भी की है।हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दमदमी गांव के सोहेया पहाड़ी के पास स्थित क्रशर प्लांट में परिसर में खड़ी पोकलेन में अपरधियों ने आग लगा दी।घटना शुक्रवार की रात करीब 10 की बतायी जाती है।घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी दमकल और पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को काबू किया। अपराधियों ने जिस पोकलेन में आग लगाई है, वह महादेवा कंस्ट्रक्शन कंपनी का बताया जा रहा है।
इस घटना के संबंध में महादेवा कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी पिंटू सिंह ने पुलिस को जानकारी दी। उसने बताया की तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर परिसर में पहुंचे थे। उन्होंने पोकलेन में आग लगाई,इसके बाद तीनों एक बाइक पर सवार होकर दहशत फैलाने के लिए फायरिंग करते हुए दक्षिण दिशा की ओर भाग निकले।इधर, घटना को लेकर हुसैनाबाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी ने बताया की इस घटना के बाद अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।हालांकि, अब तक महादेवा कंस्ट्रक्शन की ओर से मामले के खिलाफ लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।