यात्री बस ने स्कूली छात्र को कुचला,5 साल के बच्चे की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों की पिटाई से बस चालक की स्थिति गंभीर
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। चतरा-राँची मार्ग एनएच-22 पर मकईयाटांड गांव के पास सिंघवाहनी नामक यात्री बस ने स्कूल जाने के लिए सड़क किनारे खड़े 5 वर्षीय छात्र मो. अर्श को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में बच्चे को सीएचसी बालूमाथ लाया गया।वहां डॉ.अलीशा टोप्पो ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ऑक्सफोर्ड स्कूल में कक्षा एक का छात्र था और उसने महज 15 दिन पहले ही स्कूल में दाखिला लिया था।
वहीं,घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बस को पीछा कर चितरपुर ग्राम के पास पकड़ लिया। उन्होंने चालक कुंदन राम (35) की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही मकैयाटांड़ पिकेट प्रभारी रामजी ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल चालक को ग्रामीणों की पिटाई से बचाकर सीएचसी बालूमाथ पहुंचाया।चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स रेफर कर दिया गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण और मृतक के परिजनों ने बालूमाथ-राँची मुख्य पथ को मकईयाटांड ग्राम के समीप जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क जाम की सूचना पर मकईयाटांड पिकेट प्रभारी रामजी ठाकुर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों से बात कर सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा देने के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया। प्रभारी ने कहा कि बस को जब्त कर लिया गया है।

