यात्री बस और बाइक में टक्कर, बाइक सवार दो लोगों की मौत
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत देवबार मोड़ के पास एनएच 39 पर एक यात्री बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई।मृतकों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है।लेकिन मृतकों में से एक के पास ड्राइविंग लाइसेंस मिला है, जो अब्दुल हसीम सरवर के नाम पर है।ड्राइविंग लाइसेंस धारक उत्तर प्रदेश के नोएडा का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी शशि कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल, बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग कहीं जा रहे थे। इसी दौरान देवबार मोड़ के पास मोटरसाइकिल की सामने से आ रही एक यात्री बस से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बस के साथ कई फीट तक घसीटती चली गई। इस घटना में मोटरसाइकिल सवार दोनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी शशि कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, मोटरसाइकिल सवार दोनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि पुलिस मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज रही है।मृतकों की पहचान की पुष्टि के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर स्थित मनिका थाना क्षेत्र के देवबार मोड के पास की सड़क बेहद खतरनाक है।घुमावदार मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहनों का पता नहीं चल पाता।वाहनों की गति बढ़ने से यहां अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हर महीने इस जगह पर कोई न कोई दुर्घटना जरूर होती है। हालांकि, जिला प्रशासन द्वारा इस जगह को ब्लैक स्पॉट के रूप में भी चिह्नित किया गया है।इसके बावजूद यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 39 को फोरलेन सड़क बनाया जा रहा है। इसके लिए काम भी शुरू हो गया है। फोरलेन सड़क निर्माण शुरू होने के कारण पुरानी सड़क की हालत बेहद जर्जर हो गई है। सड़क पर कई जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।सड़क पर डायवर्सन की संख्या भी काफी बढ़ गई है।जिससे दुर्घटनाएं भी बढ़ गई हैं।लातेहार जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव ने सरकार से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

