पलामू:सांप के काटने से विधायक आलोक चौरसिया के दो रिश्तेदार समेत तीन की मौत, दो की हालत गंभीर
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के चैनपुर क्षेत्र में सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में विधायक आलोक चौरसिया के रिश्तेदार (दो नाती) और एक महिला की मौत हो गई।मृतक बच्चे के पिता और मृतक महिला के पति की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर पथरा और बासडीह गांव की है।
नरसिंहपुर पथरा गांव में विधायक आलोक चौरसिया के बहनोई प्रेम चौरसिया और उनके दो बेटों अर्जुन कुमार और देव कुमार को गुरुवार देर रात एक जहरीले सांप ने डस लिया।तीनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।जहां से सभी को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।
परिजन तीनों को इलाज के लिए तुंबागड़ा स्थित नवजीवन अस्पताल ले गए।लेकिन रास्ते में ही अर्जुन कुमार और देव कुमार की मौत हो गई।वहीं प्रेम चौरसिया की हालत गंभीर बनी हुई है. तीनों घर में एक साथ सो रहे थे और इसी दौरान उन्हें सांप ने डस लिया।
विधायक के करीबी ज्ञानधन चौरसिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद सभी लोग घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरा गांव मातम में डूबा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सभी की मौत करैत सांप के काटने से हुई है।
नरसिंहपुर पथरा गांव में पूर्व मुखिया भीष्म चौरसिया के दामाद और दो नाती को सांप ने गुरुवार की रात बिछावन में घुस कर काट लिया। दोनों बच्चे देवा (10) और अर्जुन (7) ने इलाज के लिए राँची लेकर जाने के दौरान दम तोड़ दिया।बच्चों के पिता प्रेम चौरसिया का इलाज सतबरवा के तुमबगड़ा हॉस्पिटल में चल रहा है। मृतक डाल्टनगंज विधायक आलोक चौरसिया के रिश्तेदार हैं।
इधर, पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के बासडीह गांव निवासी भिखारी भुइयां और उनकी पत्नी शकुंतला को भी गुरुवार की देर रात जहरीले सांप ने डस लिया। दोनों पति-पत्नी जमीन पर सो रहे थे, तभी सांप ने उन्हें डस लिया।दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय राय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।जहां इलाज के दौरान शकुंतला देवी की मौत हो गई। जबकि भिखारी की हालत गंभीर बनी हुई है।

