पलामू:अंधविश्वास में सुपारी देकर पिता की करवाई हत्या…पुलिस ने बेटा समेत चार को किया गिरफ्तार

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में अंधविश्वास में एक सनसनीखेज घटना का खुलासा पुलिस ने किया है। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के डबरा से 26 दिसंबर को पुलिस ने पच्चू मोची नामक बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद किया था।पच्चू मोची की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई थी।घटना के बाद पुलिस पूरे मामले में अनुसंधान कर रही थी। अनुसंधान के क्रम में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।तीन महीने पहले पच्चू मोची के 4500 रुपए गुम हो गए थे।पैसे गुम होने के बाद पच्चू मोची ने घर के कुल देवता को कबाड़ में फेंक दिया था।कुल देवता के कबाड़ में फेंके जाने के बाद पच्चू मोची के गोतिया में धनंजय रविदास नमक व्यक्ति की माँ एवं भाई की मृत्यु हो गई थी। जबकि उसके दोनों बच्चे बीमार रहने लगे थे।पच्चू मोची के बेटे और गोतिया ओझा गुणी का शक किया करते थे। इसी बीच पच्चू मोची के बेटे बबलू मोची और धनंजय मोची ने मिलकर हत्या की योजना तैयार की।

धनंजय मोची ने अपने साले के साथ मिलकर हत्या की योजना तैयार की। बबलू मोची ने अपने पिता की हत्या के लिए धनंजय मोची को सात हजार रुपये ट्रांसफर किए थे, जबकि हत्या की सुपारी 40 हजार तय की गई थी।एसपी ने बताया कि घटना के दिन सुपारी लेने वाले तीनों आरोपी गांव में आकर रुके थे और मौका मिलने पर पच्चू मोची की चाकू से गला काट कर हत्या कर दी थी। अंधविश्वास में बुजुर्ग की हत्या की गई है। इस हत्या में परिवार से जुड़े हुए सदस्य भी शामिल हैं।पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के बेटे बबलू मोची, धनंजय मोची, धनंजय मोची के साले सत्येंद्र कुमार एवं सत्येंद्र के साले मुनेश्वर कुमार रवि को गिरफ्तार किया है।

एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नावाडीह तेनार के निवासी पच्चु मोची, पिता स्व० नागो मोची का शव डबरा जंगल में पड़ा हुआ है। उक्त सूचना के आलोक में लेस्लीगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे, जहाँ यह पाया गया कि मृतक पच्चु मोची की निर्मम तरीके से गला काटकर हत्या की गई है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, डालटनगंज भेजा गया। मृतक के परिजनों द्वारा आवेदन देने में आनाकानी किए जाने के कारण, चौकीदार रविन्द्र पासवान के लिखित आवेदन के आधार पर लेस्लीगंज थाना कांड संख्या–181/2025, दिनांक 26.12.2025, धारा 103(1)/238(a) बी०एन०एस०, 2023 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर कांड का अनुसंधान प्रारम्भ किया गया।

अनुसंधान के क्रम में यह तथ्य प्रकाश में आया कि लगभग तीन माह पूर्व मृतक पच्चु मोची के ₹4,500/- गुम हो गए थे, जिसके बाद उसने अपने घर का देवत्ता कबाड़ कर फेंक दिया था। इसी अवधि में उसके गोतिया धनंजय रविदास के घर में उसकी माता एवं भाई की मृत्यु हो गई थी तथा मृतक के बेटों के बच्चे भी अक्सर बीमार रहते थे। इस सबका कारण मृतक को मानते हुए अभियुक्तगण द्वारा उसे ओझा-गुणी (भगत) मानकर दोषी ठहराया गया।

इसी रंजिश में धनंजय रविदास एवं बब्लू मोची ने मिलकर मृतक की हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत दिनांक 20.12.2025 को बब्लू मोची द्वारा फोन-पे के माध्यम से धनंजय रविदास को ₹7,000/- भेजे गए। तत्पश्चात दिनांक 21.12.2025 को धनंजय रविदास द्वारा अपने साला सतेन्द्र मोची के बताने पर प्रज्ञा केन्द्र में ₹10,000/- भेजे गए। इसके बाद सतेन्द्र मोची द्वारा अपने साला मुनेश्वर कुमार रवि के निर्देश पर अनिल मोची के खाते में ₹9,000/- स्थानांतरित किए गए।इसके उपरांत मुनेश्वर कुमार रवि, अनिल मोची एवं एक अन्य सहयोगी हेरहंज (लातेहार) से मोटरसाइकिल द्वारा धनंजय रविदास के घर आए एवं रात भर रुके। दिनांक 22.12.2025 को धनंजय रविदास के बताने पर अभियुक्तों द्वारा चाकू से पच्चु मोची की हत्या कर दी गई तथा हत्या के पश्चात अपने घर लौट गए। हत्या की सूचना सतेन्द्र मोची एवं धनंजय रविदास को दी गई।
अनुसंधान के क्रम में अभियुक्त मुनेश्वर कुमार रवि के पास से घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू बरामद किया गया है। कांड में संलिप्त अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम/पता

1.धनंजय रविदास, उम्र लगभग 33 वर्ष, पिता–देवाली राम, निवासी–नावाडीह तेनार, थाना लेस्लीगंज, जिला पलामू।
2.बब्लू मोची, उम्र लगभग 38 वर्ष, पिता–स्व० पच्चु मोची, निवासी–नावाडीह तेनार, थाना लेस्लीगंज, जिला पलामू।
3.सतेन्द्र कुमार, उम्र लगभग 32 वर्ष, पिता–बिनोद राम, निवासी–गवही, थाना गनातू, जिला पलामू।
4.मुनेश्वर कुमार रवि, उम्र लगभग 20 वर्ष, पिता–महेंद्र राम, निवासी–ग्राम थाई, थाना हेरहंज, जिला लातेहार।

error: Content is protected !!