पाकुड़ पुलिस ने अंचल निरीक्षक के घर हुई डकैती का किया खुलासा, चार अपराधी गिरफ्तार
पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले के सदर अंचल के निरीक्षक शिवाशीष वात्स्यायन के घर डकैती के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।डकैती के इस चर्चित मामले में चार अपराधी इमली मरांडी, मणिलाल ठाकुर, रिंकू रजवार एवं मणिलाल ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, लूटी गई ज्वलेरी समेत नगद राशि बरामद किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस की टीम ने एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल भी जब्त किया है। पकड़े गए अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। डकैती मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पत्रकार सम्मेलन के दौरान जानकारी दी।
पाकुड़ एसपी ने बताया कि अंचल निरीक्षक के घर हुई डकैती मामले के खुलासे को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई थी, जिसमें पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी प्रयाग दास, मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव झा, हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार, मालपहाड़ी ओपी प्रभारी अंशु उपाध्याय, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल गुप्ता, विनोद कुमार, दिलीप बास्की, सुबल कुमार डे और कन्हैया यादव शामिल थे। एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के कई स्थानों में छापेमारी की गई।
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर बलियाडांगा में मंजारुल शेख के किराये के मकान से लूटे गए सामान बरामद किए गए।पुलिस ने 51 हजार 220 रुपये नगद,सोने की कान की बाली, अंगूठी, चांदी के दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया,एक जोड़ी पांव का बेरा, घटना में इस्तेमाल तीन देसी कट्टा,एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल बरामद किया है। अंचल निरीक्षक के घर हुई डकैती मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है: निधि द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक
आपको बता दें कि बीते 16 जून की रात लगभग 9 बजे पाकुड़ अंचल में पदस्थ अंचल उप निरीक्षक सह अंचल निरीक्षक शिवाशीष वात्स्यायन के घर, दर्जन भर संख्या में आये अपराधियों ने हथियार के दम पर परिजनों को बंधक बनाया और 1 लाख 45 हजार रुपये नगद एवं सोने और चांदी के जेवरात लूट ली।

