लातेहार में दर्दनाक सड़क हादसा:बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, घर लौटते समय पीछे से कार ने मारी टक्कर

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र में एसआर पेट्रोल पंप के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मनिका थाना क्षेत्र के प्लहेया गांव निवासी 35 वर्षीय सनोज यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सनोज यादव लातेहार से अपने घर मनिका लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार (जेएच 01 एफजेड 8548) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सनोज सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, टक्कर लगते ही सनोज ने दम तोड़ दिया।हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद कार भी सड़क पर पलट गई। कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सड़क पर बिखरे वाहन के पुर्जों से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।मृतक के बहनोई विशंभर यादव और संतोष यादव ने बताया कि सनोज अपने काम से लातेहार आए थे और रात में घर लौट रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कार तेज गति में थी और लापरवाही से चल रही थी,जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस से लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सनोज को मृत घोषित कर दिया।

सदर थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

error: Content is protected !!