ऑनलाइन सीजीएल परीक्षा:कंप्यूटर स्क्रीन पर स्वतः ही मिल रहे थे उत्तर, सिर्फ माउस पकड़ बैठा था अभ्यर्थी,गिरफ्तार
धनबाद।लिखित परीक्षाओं में नकल करने को लेकर अब तक कई मुन्ना भाई की गिरफ्तारी की खबरें आती रही हैं।वहीं आज के इस डिजिटल युग में कई प्रतियोगी परीक्षाएं अब ऑनलाइन ली जाती हैं।लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि अब ऑनलाइन परीक्षाओं में भी मुन्ना भाई सक्रिय हो चुके हैं, जिसमें परीक्षार्थी को सिर्फ कंप्यूटर पर बैठना है, लेकिन ऑपरेटिंग कोई बाहर से कर रहा होता है।
झारखण्ड के धनबाद में एक ऐसे ही मामले में पुलिस ने ऑनलाइन परीक्षा देने वाले एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार अभ्यर्थी का नाम आइके गुजराल है।वह पटना के धनरूआ थाना क्षेत्र के पभेरा, सिरिया का रहने वाला है। 12 से 26 सितंबर तक चली संयुक्त स्नातक स्तरीय सीजीएल प्रथम चरण परीक्षा में वह शामिल हुआ था।
26 सितम्बर को अंतिम पाली की परीक्षा में आइके गुजराल को नकल करते हुए पकड़ा गया। आइके गुजराल परीक्षा केंद्र में सिर्फ कंप्यूटर सिस्टम पर माउस पकड़कर बैठा था, और स्क्रीन पर स्वतः ही प्रश्नों के उत्तर दिए जा रहे थे।परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी गोराई ने गुजराल को पकड़कर बरवाअड्डा थाना की पुलिस के हवाले कर दिया है।
इस मामले में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बरवाअड्डा गोल्डन कैंप कुर्मीडीह स्थित सीजीएल प्रथम की परीक्षा आयोजित की गई थी जिसमें एक अभ्यर्थी आइके गुजराल को गिरफ्तार किया गया है। उसने अपना गुनाह स्वीकार किया है। बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।परीक्षा कराने वाली संस्था के सर्वर कर्मी और अन्य सहयोगियों पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। परीक्षा का संचालन निजी संस्था एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा किया जा रहा था।आगे की जांच पड़ताल चल रही है।मामले की तह तक पहुंचने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

