चाईबासा के सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट में एक ग्रामीण की मौत,सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने लगाया था विस्फोटक..

 

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के गढ़ सारंडा के जराईकेला थाना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाया गया आईईडी ब्लास्ट कर गया। इस आईईडी विस्फोट में एक ग्रामीण की मौत हो गई। ग्रामीण की पहचान 40 वर्षीय सुनील सुरीन के रूप में हुई है।घटना गुरुवार की बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने इसकी पुष्टि की है।

एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि नक्सलियों ने पुलिस जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए इसे पहले से ही लगाया था।लेकिन एक ग्रामीण इसकी चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक सुनील सुरीन अपने साथियों के साथ बीते गुरुवार की शाम सारंडा के समता और बालिबा के बीच रास्ते में जंगल में सियाली पत्ता तोड़ने और मवेशी चराने गया था।इसी दौरान वह नक्सलियों द्वारा पुलिस को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए आईईडी की चपेट में आ गया और आईईडी ब्लास्ट हो गया।

आईईडी विस्फोट होने से सुनील की हालत काफी गंभीर हो गई, जंगल में उसके साथ गए उसके साथियों ने देर शाम उसे उसके घर पहुंचाया। परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय घर पर ही रखा और पुलिस को भी इसकी सूचना नहीं दी। जिसके कारण गुरुवार देर शाम उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पुलिस को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस नावाडीह स्थित उसके घर पहुंची और पूछताछ कर शव बरामद कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

इधर चाइबासा पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि “प्रतिबंधित भा०क०पा० (माओ०) नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा,अनमोल,मोछु,अनल,असीम मंडल,चमन,अजय महतो,सागेन अंगरिया,अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है, जिसके आलोक में चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 BN ,203 BN,205 BN,झारखण्ड जगुआर एवं सी०आर०पी०एफ० 60 BN, 197 BN, 157 BN, 174 BN, 193 BN, 134 BN, 26 BN,11 BN की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 10.10.2023 से एक संयुक्त अभियान गोईलकेरा थानान्तर्गत ग्राम कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मारादिरी, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, तिलायबेड़ा बोयपाईससांग, कटम्बा, बायहातु, बोरोय, लेमसाडीह के सीमावर्ती क्षेत्र तथा टोन्टो थानान्तर्गत ग्राम हुसिपी, राजाबासा, तुम्बाहाका, रेगड़ा, पाटातोरब, गोबुरू, लुईया के सीमावर्ती क्षेत्र में प्रारंभ किया गया है।

अभियान के दौरान आज दिनांक 18.10.2024 को टोन्टो थानान्तर्गत वनग्राम लुईया के आस-पास जंगली / पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये गये 01 (एक) I.E.D बरामद कर सुरक्षा के दृष्टिकोण से उसी स्थान पर बम निरोधक दस्ता के सहायता से विनिष्ट किया गया है।

इसके अतिरिक्त दिनांक 17.10.2024 को प्रातः लगभग 07.00 बजे जराईकेला थानान्तर्गत वनग्राम समठा के आस-पास हरादिरी जंगली / पहाड़ी क्षेत्र में एक प्रेशर I.E.D विस्फोट की घटना घटित हुई है।

उक्त घटना में सुनील सुरीन उम्र लगभग 40 वर्ष, पिता मंगरा सुरीन, ग्राम मकरंडा टोला नवाडीह, थाना- जराईकेला, जिला – चाईबासा का नक्सलियों द्वारा पूर्व लगाये गये I.E.D की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी हो जाने के पश्चात जख्मी अवस्था में ग्रामीणों द्वारा उठाकर उनके घर ले गये एवं ईलाज कराने लगे। ये सियाल पत्ता तोड़ने जंगल की ओर गये थे।उक्त घटना की सूचना आज दिनांक 18.10.2024 को समय दोपहर 12.00 बजे सुनील सुरीन के मृत्यु उपरांत थाना को दी गई है।

उक्त घटना की सूचना प्राप्त होते ही चाईबासा पुलिस मृत सुनील सुरीन को पोस्टमार्टम हेतु अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।इस पुरे घटना क्रम में चाईबासा पुलिस एवं सभी सुरक्षा बल इस घटना में इनके मृत्यु पर गहरी संवेदना प्रकट करते है।

पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा सारंडा / कोल्हान क्षेत्र में लगातार संचालित नक्सल विरोधी अभियान के कारण सुरक्षा बलों को क्षति पहुँचाने हेतु नक्सलियों के द्वारा I.E.D का प्रयोग किया जा रहा है। I.E.D विस्फोट में ग्रामीणों को लक्षित कर मृत्यु करना नक्सलियों का एक कायराना हरकत है।

झारखण्ड पुलिस आम जनता की सेवा में सदैव तत्पर है और ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु सघन नक्सल विरोधी अभियान का संचालन जारी रहेंगा।”
बरामदगी:05 KG का एक I.E.D.