हजारीबाग में सड़क दुर्घटना में एक पुलिस जवान की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में एक पुलिस जवान की मौत हो गई। वहीं एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज राँची में चल रहा है। बताया जा रहा है कि अज्ञात गाड़ी की चपेट में आने से यह घटना घटी है।
हजारीबाग में दर्दनाक सड़क हादसे में कोर्रा थाना में पदस्थापित दो पुलिस जवान शिकार हो गए।अज्ञात वाहन की चपेट में आने से जवान नंदलाल ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दूसरे जवान गणेश सिंह को गंभीर हालत में हजारीबाग के आरोग्यम अस्पताल लाया गया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए राँची रेफर कर दिया गया है।
इधर पोस्टमार्टम के बाद शव हजारीबाग पुलिस लाइन लाया गया। जहां हजारीबाग पुलिस परिवार द्वारा मृतक को अंतिम सलामी दी गई,जिसमें हजारीबाग पुलिस विभाग के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि यह हजारीबाग पुलिस के लिए बेहद दुखद घटना है।रात्रि गश्ती के दौरान अज्ञात गाड़ी की चपेट में आने से एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई।वहीं दूसरा जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज राँची में चल रहा है।
उन्होंने बताया कि देर रात की यह घटना है।जानकारी मिलने के साथ कोर्रा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।दो पुलिसकर्मियों को सड़क पर गिरा हुआ पाया। जिन्हें शेख भिखारी मेडिकल अस्पताल लाया गया। अस्पताल लाने के दौरान एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरे को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है।जिस भी व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

