अवैध सम्बंध के शक में पति ने पत्नी की गला रेत कर हत्या कर दी,4 साल पहले हुई थी प्रेम विवाह,आरोपी गिरफ्तार
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के योगीटांड़ में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।स्थानीय निवासी गोपी दास ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी कंचन देवी का धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।घटना वार्ड संख्या 24 स्थित सामुदायिक भवन के पास हुई। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को शक था कि पत्नी का अवैध संबंध है। इसी वजह से उसने यह हत्या की।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम करीब 7:30 बजे महिला खून से लथपथ सड़क किनारे तड़पती हुई मिली। लोगों ने तत्काल वार्ड पार्षद नुरुल होदा को सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कंचन को वाहन से गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया।चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए धनबाद पीएमसीएच रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही गोविंदपुर के पास उसकी मौत हो गई।
मृतका की सास किरण देवी ने बताया कि चार वर्ष पूर्व कंचन देवी और गोपी दास ने प्रेम विवाह किया था। शुरुआती वर्षों में दंपती का जीवन सामान्य रहा, लेकिन धीरे-धीरे विवाद बढ़ने लगा। दोनों के दो बच्चे भी हैं।पिछले दो माह से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव चरम पर पहुंच गया था। इसी कारण तीन दिन पूर्व कंचन अपने बच्चों के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इस पर गोपी दास ने मुफ्फसिल थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस दबाव के बाद सोमवार को कंचन देवी थाना पहुंचीं। थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो की मौजूदगी में पति-पत्नी के बीच समझौता कराया गया। दोनों से बॉन्ड भरवाकर घर जाने की हिदायत दी गई।लेकिन समझौते के कुछ ही घंटे बाद गोपी दास ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि पति-पत्नी साथ में घर लौट रहे थे, तभी सामुदायिक भवन के समीप गोपी ने अचानक चाकू से पत्नी का गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हो गया कि हत्या का आरोपी पति गोपी दास ही है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया है।हत्या में प्रयुक्त धारदार ह,थियार (उस्तरा) और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गोपी दास को अपनी पत्नी कंचन देवी पर अवैध संबंध का शक था। इसी संदेह के चलते उसने सोमवार को कंचन पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ (सदर) जितबाहन उरांव की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ही ह,त्या के आरोपित को दबोच लिया गया।जांच में यह भी बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपी ने हत्या करने से पहले पत्नी की गुमशुदगी की शिकायत थाना में दर्ज कराई थी। पुलिस ने महिला को सकुशल बरामद कर आरोपी को ही सुपुर्द कर दिया था। लेकिन घर ले जाते समय उसने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी।फिलहाल आरोपी गोपी दास को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध संबंध के शक के कारण ही यह दिल दहला देने वाली वारदात हुई।

