माँ के साथ अवैध संबंध के शक में भतीजे ने की चाचा की पीट-पीटकर हत्या,आरोपी गिरफ्तार

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले में अड़की थाना क्षेत्र के साके गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अवैध संबंध के शक में भतीजे ने अपने ही चाचा की ईंट और डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सामू सोय के रूप में हुई है। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तत्काल अड़की थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी एतवा सोय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी एतवा सोय को अपने चाचा सामू सोय और अपनी माँ के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था।इसी शक के चलते वह पिछले कई दिनों से गुस्से और मानसिक तनाव में था। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे, जब सामू सोय अपने घर में आराम कर रहे थे, तभी एतवा ने उन पर ईंट और डंडे से हमला कर दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हमला करने के बाद आरोपी ने मृतक को घसीटकर बरामदे तक लाया और वहां ईंट से उनके सिर पर कई बार वार किया, जिससे सामू सोय की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की चीख-पुकार सुनकर एतवा की माँ मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना पर अड़की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने खून से सनी ईंट, आरोपी का टी-शर्ट और मिट्टी के नमूने जब्त किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को आज शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, इस निर्मम हत्या से पूरे साके गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

error: Content is protected !!