नक्सलियों ने पेड़ काटकर आवागमन किया बाधित, बैनर लगाकर पुलिस को दी चेतावनी…
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड में नक्सलियों के उत्पात मचाया है।दरअसल,बुधवार की रात चिड़िया सुंदरी माइंस की ओर जाने वाली सड़क के पास नक्सलियों ने पेड़ काटकर सड़क बाधित कर दी, जिससे आवागमन दोनों ओर से प्रभावित हो गया।घटना की पुष्टि एसपी अमित रेणु ने की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पेड़ काटे जाने के बाद नक्सलियों ने सड़क किनारे बैनर और पोस्टर लगाए हैं।पोस्टरों में लिखा है कि ‘सादे पोशाक और निहत्थे हमारे कार्यकर्ता और सैनिकों को पकड़कर मारना बंद करो, वरना उसका बदला उसी तर्ज पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बल से लेंगे।’
ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय जंगल की ओर से चेन सॉस जैसी आवाजे सुनाई दी। जब सुबह लोग रास्ते पर पहुंचे तो देखा कि दोनों ओर रास्ता अवरुद्ध था और नक्सलियों के पोस्टर लगे हुए थे। जिसकी वजह से माइंस क्षेत्र में जाने वाले मजदूरों और वाहनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कई ट्रक और कर्मी कोलबोंगा के उस पार ही फंसे रह गए और जिसके कारण खनन कार्य ठप रहा।
एसपी ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस और CRPF की टीम को मौके पर भेजा गया।फिलहाल इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और मार्ग को सुचारू रूप से चालू वन विभाग की टीम की मदद से किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस और CRPF की टुकड़ी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मार्ग पर पड़े पेड़ों को हटाने का कार्य शुरू हो गया। इसके साथ ही आसपास के गांवों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।इधर एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हम पोस्टरों की सामग्री और संदिग्धों की पहचान के लिए जांच कर रहे हैं,अफवाहों से बचें, केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
क्षेत्र में पिछले कुछ हफ्तों से नक्सली गतिविधियों में इजाफा हुआ है।सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में गश्त तेज कर दी है और संदिग्ध इलाकों में ड्रोन सर्विलांस बढ़ाया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में लाने के प्रयास तेजी से जारी हैं और ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

