पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड की गुत्थी सुलझी,जमीन कारोबारी देवव्रत नाथ शाहदेव सहित 7 गिरफ्तार
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी में पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।पुलिस द्वारा गठित एसआईटी की टीम ने कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी है। उनका कहा कि जमीन विवाद मामले में घटना को अंजाम दिया गया है।हालांकि शूटर अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने सोमा मुंडा हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में बाहा मुंडा (29 साल),देवा पाहन (63 साल), अनिश मुंडा (31 साल), रविया पाहन (39 साल), रमेश्वर संगा (25 साल), पंकज कुमार शर्मा (45 साल), देवव्रत नाथ शाहदेव शामिल हैं। इनमें से एक को छोड़कर सभी लोग खूंटी जिले के ही रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से राँची के देवव्रत नाथ शाहदेव का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ कई थानों में केस दर्ज है।राँची के कांके में भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड में देवव्रत नामजद आरोपी था।सभी के पास से विभिन्न कंपनियों के 7 मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।
एसपी ने बताया कि जियारप्पा गांव में 3.16 एकड़ जमीन को लेकर विवाद था।वहां पड़हा मेले का आयोजन होता था। 20 नवंबर से 27 नवंबर तक माफियाओं द्वारा जमीन का समतलीकरण किया जा रहा था। वहां बाउंड्री वॉल की भी तैयारी थी।इसी बीच पड़हा समिति को इसकी जानकारी मिली। पड़हा समिति ने 3 जनवरी को सोमा मुंडा के नेतृत्व में उस जमीन पर पत्थलगड़ी का काम किया था। भू माफियाओं को लगा कि उनकी मंशा पर पानी फिर सकता है, इसलिए उनकी हत्या करवा दी गई। एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में कई और लोग शामिल हैं।सभी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि अभी तक शूटर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
बता दें कि 7 जनवरी पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।जिसके बाद हत्या के विरोध में उसके दूसरे दिन खूंटी बंद कर दिया गया।जिसमें पक्ष-विपक्ष के कई नेता शामिल हुए।मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी मनोज कौशिक ने एसआईटी का गठन कर एक हफ्ते का अल्टीमेटम दिया।साथ ही सदर थाना के प्रभारी मोहन कुमार को सस्पेंड कर उनकी जगह अशोक सिंह को जिम्मेदारी दी गयी। वह खुद खूंटी जाकर परजनों से मिले थे और एसपी से मामले की जानकारी ली थी।

