दो महिलाओं की हत्या मामला: शक की वजह से प्रेमी ने प्रेमिका को मारा, साक्ष्य छिपाने के लिए कर डाली प्रेमिका की दोस्त की हत्या…

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के गावां थाना इलाके के नीमाडीह जंगल में दो महिलाओं की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है।पुलिस ने दोनों महिलाओं की हत्या करने के आरोप में श्रीकांत चौधरी को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जायेगा।घटना का खुलासा करते हुए एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस की पूछताछ में श्रीकांत चौधरी ने बताया कि उसका प्रेम संबंध सोनी देवी से चल रहा था। इस बीच उसे शक हुआ कि सोनी देवी, किसी दूसरे शख्स से बात करती है।ऐसे में उसने सोनी देवी को उसी जंगल में बुलाया, जहां दोनों अक्सर मिला करते थे।यहां सोनी गांव की दोस्त रिंकू देवी भी उसके साथ थी। रिंकू देवी को थोड़ी दूरी पर खड़ा कर श्रीकांत चौधरी और सोनी देवी जंगल की ओर चले गए।इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, तभी श्रीकांत चौधरी ने सोनी देवी की गला दबाकर हत्या कर दी।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी श्रीकांत जिस जगह रिंकू खड़ी थी वहां पहुंचा तो रिंकू ने श्रीकांत चौधरी से पूछा कि सोनी कहां है? जिस पर श्रीकांत ने बताया कि सोनी बेहोश हो गई है। जिसके बाद श्रीकांत, रिंकू को उसी स्थान पर लेकर पहुंचा जहां उसने सोनी की हत्या की थी। तभी सोनी के शव को देख रिंकू घबरा गई।जिसके बाद श्रीकांत ने रिंकू की भी हत्या कर दी।

एसडीपीओ ने बताया कि चार सितंबर से लापता दोनों महिलाओं की खोजबीन गावां थाना प्रभारी ने शुरू की तो पता चला कि श्रीकांत का, सोनी के साथ संबंध है।ऐसे में श्रीकांत को थाना लाया गया लेकिन उसने पुलिस को कुछ भी नहीं बताया। जिसके बाद पुलिस ने टेक्निकल सेल की मदद ली और फिर से श्रीकांत को हिरासत में लेते हुए उससे पूछताछ की।जब पुलिस ने श्रीकांत से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।जिसके बाद श्रीकांत की निशानदेही पर दोनों के शव बरामद किए गए।जानकारी में यह बात सामने आई है कि जब भी श्रीकांत, सोनी से मिलता था तो चौकीदारी का काम रिंकू ही करती थी।

बता दें कि सोमवार देर शाम नीमाडीह के पास जंगल में दोनों महिलाओं की लाश मिली थी। दोनों महिलाएं करमा पर्व के पारन से लापता थीं।यहां यह भी बता दें कि सोनी का ससुराल कोडरमा के सतगावां है और मायका नीमाडीह है।जबकि रिंकू नीमाडीह की रहने वाली थी। दूसरी तरफ दोनों मृतका के परिजन और ग्रामीण थाना पहुंचे। इस दौरान फरियादी ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।

error: Content is protected !!