प्रेमिका के घर प्रेमी की हत्या,भारी बवाल,पुलिस को शव कब्जे में लेने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी..

 

धनबाद।जिले के हरिहरपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में कपिल कुमार राय (32 वर्ष) की प्रेम प्रसंग में हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को प्रेमिका के घर में ही छिपाने का प्रयास किया गया। कपिल गुरुवार की रात से ही गायब था। हत्या का आरोप प्रेमिका के ही नाना गंगा ठाकुर पर लगा है। पुलिस ने गंगा ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। वह रेलवे का रिटायर्ड कर्मी है। बाद में तोपचांची तथा हरिहरपुर पुलिस घटनास्थल पहुंच कर शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कपिल शादीशुदा है और उसका छह माह के एक पुत्र भी है।कपिल के हाथ-पैर को बांधकर उस पर धारदार हथियार से वार किया गया है। शव की जांच करने पर पता चला कि पीछे गर्दन पर गहरा कटा हुआ है। पीठ पर कई जगह कटे के निशान हैं। प्रतीत होता है कि गला भी घोंटा गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बेरहमी से युवक की हत्या की गई है। शव की स्थिति देखकर लग रहा है कि हत्या में तीन-चार लोगो के शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सनी तलवार व अन्य हथियार जब्त किए हैं।

कपिल राय गुरुवार की रात से ही गायब था। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। तभी किसी बच्चे ने बताया कि कपिल गंगा ठाकुर के घर में बैठा है। इस दौरान गांव के कुछ युवक गंगा के घर में जबरन घुस गए। अंदर देखा कि कपिल का लहूलुहान शव पड़ा है। पुलिस को सूचना दी गई। शुक्रवार की दोपहर को पुलिस हरिहरपुर गांव पहुंची और घर की जांच की। घरवालों से पूछताछ के तुरंत बाद प्रेमिका के नाना गंगा ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन जब पुलिस शव का पंचनामा करने लगी तो परिजन समेत भारी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। भारी बवाल शुरू हो गया। आक्रोशित लोगो ने मौके पर खड़ी गंगा की बाइक को आग के हवाले कर दिया। पुलिस को काफी आक्रोश का सामना करना पड़ा। परिजन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।शुक्रवार दोपहर ढाई बजे जो बवाल शुरू हुआ,रात साढ़े नौ बजे तक जारी रहा। विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी, हरिहरपुर मुखिया इरफान अंसारी, पंचायत समिति सदस्य शंकर पांडेय, जमराम महतो की टीम से मोतीलाल महतो भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने में मदद की। इसके बाद रात में ही पुलिस ने शव को धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां आज शनिवार को पोस्टमार्टम होगा।

इससे पहले भी प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों परिवारों के बीच सामाजिक स्तर पर कई बार समझौता हो चुका था। एक महीने पूर्व ही पंचायत सचिवालय में दोनों परिवारों के बीच समझौता हुआ था। कपिल के विवाहित होने के कारण प्रेमिका के घरवालों ज्यादा आक्रोशित थे। लड़की अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती है।

“प्रथमदृष्या प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हत्या में और जो लोग भी शामिल हैं, उनकी जल्द गिरफ्तारी होगी। सभी आरोपियों को त्वरित व कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी। पुलिस प्रत्येक बिंदुओं पर जांच कर रही है।” -राहुल कुमार झा , हरिहरपुर थाना प्रभारी

error: Content is protected !!