पांच लाख लोन का दबाव में माँ-बेटी ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में मुफस्सिल थाना इलाके के गादी श्रीरामपुर में माँ और बेटी की मौत हो गई। कहा जा रहा है कि दोनों ने घर के कमरे में ही आत्महत्या कर ली है। परिजन बता रहे हैं कि दोनों ने कर्ज के दबाव में जान दी है। मरने वाले में 36 वर्षीय पुतुल देवी और 16 वर्षीय बेटी स्नेहा कुमारी थी।घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के साथ थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पहुंचे।घटनास्थल का मुआयना करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर घटना को लेकर पुतुल देवी के पति सोनू राम ने बताया उसकी पत्नी ने महिला समूह से पांच लाख का लोन लिया था। इस लोन की जानकारी घरवालों को भी नहीं दी गई। इस बीच फाइनेंस कंपनी के द्वारा ईएमआई का दबाव दिया जाने लगा तो उसकी पत्नी परेशान रहने लगी।परेशानी की वजह पूछने पर भी तकलीफ नहीं बताती थी।
पति सोनू राम ने बताया कि अभी पूरी स्थिति को समझते उससे पहले ही सोमवार की सुबह दोनों ने आत्महत्या कर ली।बताया कि आत्महत्या की जानकारी तब लगी जब सुबह में देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खोला गया।सोनू राम ने कहा कि उसकी पत्नी और पुत्री ने लोन के ईएमआई के दबाव में ही जान दी है।वहीं घटना की सूचना पर जेएमएम नेता अजीत कुमार पप्पू भी पहुंचे और विस्तृत जानकारी ली।
दूसरी तरफ घटना की जानकारी पर पहुंचे एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने मृतकों के घरवालों से पूछताछ की। इस दौरान एसडीपीओ ने कहा कि घर में मां और बेटी के आत्महत्या का मामला सामने आया है।उन्होंने कहा कि घर में और उनके तीन भाई और पति भी हैं घटना किस वजह से हुई है। एसडीपीओ ने कहा कि मामला क्या है, इसकी गहनता से जांच कर रहे हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि गादी श्रीरामपुर गांव की पुतुल देवी और उसकी बेटी स्नेहा कुमारी की मौत हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा है। घरवाले लोन की वजह से तनाव में रहने को कारण बता रहे हैं। पूरी जांच की जा रही है।

