यात्रियों से भरी बस पेड़ से टकराई,दो दर्जन से अधिक यात्री घायल….

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के चतरा-चौपारण मुख्य पथ पर गंधरिया इलाके में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुधांशु नाम की बस चतरा से तिलैया की ओर जा रही थी।बस में सवार यात्री अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे, तभी गंधरिया के पास चालक का बस पर से नियंत्रण बिगड़ गया। जिससे अनियंत्रित बस सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिसके कारण बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया जहां उनका इलाज चल रहा है।

सदर अस्पताल में उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने घायलों का इलाज शुरू कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।अस्पताल के अनुसार, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ को गंभीर चोटों के कारण विशेष निगरानी में रखा गया है।बच्चों के घायल होने की खबर से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।

चतरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी बिपिन कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में चालक के बस पर नियंत्रण खो देने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या चालक की लापरवाही थी या फिर तकनीकी खराबी इसका कारण था। स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति और तेज रफ्तार को भी हादसे का एक संभावित कारण बताया।

error: Content is protected !!