साहिबगंज में मॉब लिंचिंग, युवक की पीट पीटकर हत्या,शव जंगल में दफनाया…10 गिरफ्तार
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले में बच्चा चोरी की आशंका पर आसनबोना गांव के ग्रामीणों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद ग्रामीणों ने उसके शव को जंगल में दफना दिया।पुलिस ने हत्या में शामिल 10 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने बताया कि युवक भागलपुर जिले के बुधुचक थाना क्षेत्र के एकडारा गांव का निवासी है।यह घटना 26 अप्रैल की है। जब मृतक रंजू सोनी घर वापस नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।इसी क्रम में उसके साथ आए युवक दीपक साह ने रंजू सोनी के परिजनों को बताया कि वह दुर्गा टोला में माला बेचने गया था।इसके बाद परिजनों ने गांव में जाकर उसकी खोजबीन शुरू की।
इसी बीच एक बच्चे ने उसकी हत्या की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।जिसके बाद मृतक के भाई राहुल कुमार ने बोरियो थाना में मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई और पूछताछ के लिए गांव के कुछ लोगों को थाने बुलाया और जिसके बाद मामले का खुलासा हो गया।
मंगलवार शाम पुलिस इंस्पेक्टर नूनू देव राय व थाना प्रभारी पंकज वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।इसके बाद बीडीओ नागेश्वर साह को दंडाधिकारी नियुक्त किया गया। उनकी मौजूदगी में खुदाई करके शव को बाहर निकाला गया।
डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा ने बताया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेजा।शव कई दिन पुराना है, इसलिए उसे पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज गया है। इस मामले में करीब डेढ़ दर्जन लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें से 10 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
बोरियो से पकड़े गए हत्यारोपियों में शामिल पिथो बेसरा, जान्हे बेसरा, संकला सोरेन, कालू बेसरा, रमेश बेसरा, अनपा बेसरा, कान्हू बेसरा, संग्राम बेसरा, सिमोन बेसरा व नुनका बेसरा, सभी आसनबोना गांव के रहने वाले हैं।