13वें दिन सकुशल मिले लापता अंश और अंशिका,राजधानी में खुशी की लहर….कई हिरासत में…
राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मल्लार टोली मौसीबाड़ी से लापता पांच वर्षीय अंश और चार वर्षीय अंशिका को 13वें दिन राँची पुलिस ने रामगढ़ पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहयोग से चितरपुर के पहाड़ी इलाके से सकुशल बरामद कर लिया। इस अभियान में राँची पुलिस और रामगढ़ पुलिस के अलावे बजरंग दल से जुड़े युवाओं की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।वहीं राँची पुलिस की मेहनत रंग लाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात बच्चों के चितरपुर क्षेत्र में देखे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही राँची पुलिस और रामगढ पुलिस को सूचना देते हुए क्षेत्र के युवा डब्लू साहू, सचिन कुमार, सुनील कुमार, सन्नी नायक और अंशु कुमार ने अपने स्तर से रातभर इलाके में खोजबीन व गश्ती शुरू की।बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे चितरपुर लाइन पार स्थित पहाड़ी क्षेत्र के एक घर के बाहर दोनों मासूम बैठे हुए दिखाई दिए। युवाओं ने तुरंत इसकी सूचना राँची पुलिस और स्थानीय थाना रजरप्पा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रजरप्पा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बच्चों के साथ मौजूद महिला और पुरुष को भी हिरासत में लिया है।बरामद बच्चों तथा हिरासत में लिए गए महिला-पुरुष को आगे की पूछताछ व कानूनी प्रक्रिया के लिए रामगढ़ एसपी कार्यालय ले जाया गया है।वहां से बच्चो को खुद राँची के एसएसपी,सिटी एसपी,ग्रामीण एसपी लेकर राँची आ रहे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।इस मामले को लेकर पुलिस मुख्यालय में 12.30 बजे डीजीपी के द्वारा प्रेस वार्ता में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
इधर बच्चों के सकुशल मिलने से राँची वासियों और परिजनों ने राहत की सांस ली है।वहीं चितरपुर के स्थानीय युवाओं की तत्परता की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।
बता दें पुलिस ने बच्चों की बरामदगी के लिए एसआईटी का गठन किया गया था।बिहार, बंगाल समेत देश के 18 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अंश-अंशिका की तलाश के लिए कई राज्यों में एसआईटी की टीम ने छापेमारी की गई थी।बचपन बचाओ आंदोलन व अन्य संगठनों के सदस्य देशभर के 439 जिलों में बच्चों की तलाश में जुटी थी. देश भर के सभी लीगल वॉलेंटियर्स को भी अंश-अंशिका का पता लगाने के लिए सक्रिय हो गये थे। बच्चों की तलाश में SIT, झालसा, बचपन बचाओ आंदोलन और कई राज्यों की पुलिस जुटी थी राँची पुलिस ने बच्चों की सूचना देने वालों के लिए 4 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।

