रामगढ़ में 101 जोड़ों का सामूहिक विवाह:राज्यपाल संतोष गंगवार और सांसद मनोज तिवारी हुए शामिल…
रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के सिद्धू कानू मैदान में रविवार को 101 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल की ओर से ‘सांसद महोत्सव-26’ के तहत किया गया था। कार्यक्रम में झारखण्ड के राज्यपाल संतोष गंगवार और गायक सह सांसद मनोज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सामूहिक विवाह को लेकर सुबह से ही सिद्धू कानू मैदान में उत्सव का माहौल बना रहा। आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया गया था और हजारों की संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
समारोह के लिए मैदान में 101 अलग-अलग मंडप बनाए गए थे। विवाह की शुरुआत में सभी 101 दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इसके बाद सभी जोड़े अपने-अपने मंडपों में बैठ गए, जहां पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया। एक साथ 101 शादियों की रस्में चलते देख माहौल बेहद भावुक और भव्य नजर आया। परिजनों के साथ-साथ मौजूद लोगों ने तालियों और जयघोष के साथ नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में व्यवस्थाओं के साथ-साथ खाने का भी व्यापक इंतजाम किया गया था। लगभग 20 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। विवाह संपन्न होने के बाद प्रत्येक दूल्हे को उपहार स्वरूप एक ई-रिक्शा, फ्रिज, टीवी और अन्य घरेलू उपयोग का सामान दिया गया। आयोजकों का कहना था कि सामूहिक विवाह का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देना और सामाजिक जिम्मेदारी निभाना है। उपहार पाकर नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
समारोह से पहले 101 दूल्हों के लिए 101 वाहन रामगढ़ फुटबॉल ग्राउंड से बारात लेकर निकले। सांसद मनीष जायसवाल की अगुवाई में बारात सिद्धू कानू मैदान पहुंची। राज्यपाल संतोष गंगवार के आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं सांसद मनोज तिवारी ने करीब दो घंटे तक रंगारंग कार्यक्रम के दौरान अपने गीतों से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। उनके गाने सुनने के लिए मैदान में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। राज्यपाल की मौजूदगी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने “सांसद सामूहिक विवाह उत्सव” में सम्मिलित होकर नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान किया तथा उनके सुखमय, समृद्ध एवं उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की कामना की।राज्यपाल वर-वधुओं एवं उनके परिजनों से भेंट कर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि विवाह भारतीय संस्कृति का एक पवित्र संस्कार है, जो केवल दो व्यक्तियों का ही नहीं, बल्कि दो परिवारों का भी मिलन है।राज्यपाल ने इस पुनीत कार्य के लिए लोकसभा सांसद श्री मनीष जायसवाल को बधाई दी तथा आयोजन की सराहना की।

