गोड्डा ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता,तीन आरोपी गिरफ्तार…
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले में अंधविश्वास और डायन-बिसाही के नाम पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की क्रूर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।देवडांड़ थाना क्षेत्र के डांगा विशु टोला (डांगा टोला) में सोमवार रात कुल्हाड़ी (टांगी) से वार कर 50 वर्षीय दरबारी मुर्मू, उनकी पत्नी मक्कू बास्की (लगभग 45 वर्ष) और उनके 12 वर्षीय बेटे जीतराम मुर्मू (या जीतनारायण मुर्मू) की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने मामले का शीघ्र खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार दो कुल्हाड़ियां भी बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में संतलाल मुर्मू (28 वर्ष), हेमलाल मुर्मू (23 वर्ष) और तालाबाबू मुर्मू (27 वर्ष) शामिल हैं।
एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हत्या परिवार के ही सदस्यों द्वारा अंजाम दी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया और अपनी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां बरामद की गईं।
आरोपियों के बयान के अनुसार,हत्या का मुख्य कारण अंधविश्वास था।सात वर्ष पहले एक व्यक्ति की मौत के अलावा परिवार के सदस्यों के बार-बार बीमार पड़ने को डायन-बिसाही (जादू-टोना) से जोड़कर देखा जा रहा था। इसी आधार पर पीड़ितों पर डायन होने का शक किया गया,जिसके चलते यह क्रूर वारदात हुई।पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

