महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन होंगे NDA के उप-राष्ट्रपति उम्मीदवार…
राँची।भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का अपना उम्मीदवार बनाया है।सीपी राधाकृष्णन का झारखण्ड से कनेक्शन रहा है।वह महाराष्ट्र के राज्यपाल बनने से पहले झारखण्ड के महामहिम राज्यपाल थे।एनडीए ने उन्हें उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय दल की बैठक के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसकी घोषणा की। सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाये जाने पर झारखण्ड भाजपा के नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
सीपी राधाकृष्णन ने 18 फरवरी 2023 को झारखण्ड के राज्यपाल का पद संभाला था। वह 30 जुलाई 2024 तक इस पद पर रहे।झारखण्ड के सभी जिलों का दौरा किया और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े विषयों का गहन अध्ययन किया। झारखण्ड में टीबी उन्मूलन में सीपी राधाकृष्णन ने बहुत काम किया है। झारखण्ड में भी उन्होंने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को बढ़ाने में अपनी भूमिका निभायी।
सीपी राधाकृष्णन का पूरा नाम चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन है। वह वर्ष 2024 से महाराष्ट्र के 24वें और वर्तमान राज्यपाल हैं। भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं और कोयंबटूर से 2 बार लोकसभा के लिए चुने गये थे। वह तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी थे।
सीपी राधाकृष्णन दक्षिण भारत में भाजपा के सबसे वरिष्ठ और सम्मानित नेताओं में एक हैं। 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरूपुर जिले में एक साधारण परिवार में जन्मे सीपी राधाकृष्णन की पढ़ाई वीओसी कॉलेज तूतीकोरिन में हुई। किसान परिवार से आने वाले राधाकृष्णन 16 साल की उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ गये थे।वर्ष 1973 में संघ से जुड़ने के बाद सक्रिय राजनीति में आ गये।
आपको बता दें कि पिछले महीने जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद चुनाव आयोग ने कुछ समय पहले उपराष्ट्रपति पद के इलेक्शन का चुनावी कार्यक्रम तय किया था।यह चुनाव 9 सितंबर को होगा। चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है और दस्तावेजों की जांच 22 अगस्त को की जाएगी।

