Ranchi:मौसीबाड़ी पहुंचे महाप्रभु जगन्नाथ, श्रद्धालुओं ने खींची आस्था की डोर…

 

राँची।राँची के धुर्वा स्थित जगन्नाथपुर में महाप्रभु जगन्नाथ शुक्रवार को अपने मुख्य मंदिर से निकल कर मौसीबाड़ी पहुंचे। भगवान जगन्नाथ जब रथ पर अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ विराजमान होकर चले, तो उनका रथ खींचने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।शाम पांच बजे के बाद भगवान का रथ खींचना शुरू हुआ।इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिला।

महाप्रभु जगन्नाथ शुक्रवार को अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर मौसी के घर पहुंचे। धुर्वा के जगन्नाथपुर स्थित मुख्य मंदिर से मौसीबाड़ी तक उनकी यह रथयात्रा बेहद मनभावक और दर्शनीय रही। बारिश नहीं होने के कारण भक्तों की भीड़ उम्मीद से ज्यादा थी।भक्तों की भीड़ का उत्साह और उमंग ऐसा था कि मुख्य मंदिर से महज 600 मीटर दूर स्थित मौसीबाड़ी पहुंचने में भगवान को करीब 02:35 घंटे का समय लग गया। श्रद्धा व आस्था से ओतप्रोत भक्तों ने महाप्रभु का जयघोष करते हुए उनका रथ खींचा और उन्हें भाई-बहन संग मौसीबाड़ी तक पहुंचाया।

बता दें कि मुख्य मंदिर से भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के विग्रहों को रथ पर विराजमान करने के बाद शाम 05:00 बजे के करीब रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। महाप्रभु का रथ खींचने की होड़ ऐसी थी कि भीड़ में शामिल ज्यादातर भक्तों के हाथ रथ के रस्सी तक नहीं पहुंच पा रहे थे। सभी भक्त किसी तरह रथ की रस्सी पकड़ कर उसे खींचना चाह रहा था।इस प्रयास में सफल नहीं हो पानेवाले भक्त एक-दूसरे का हाथ पकड़ कर ही उसे खींच रहे थे। वहीं, बड़ी संख्या में भक्त रथ को पीछे से धक्का दे रहे थे। कई बार रथ की रस्सी भी टूट गयी, जिसे दोबारा जोड़ कर रथ को खींचा गया।

इधर, सभी विग्रहों को रथ पर विराजमान करने के बाद उनका श्रृंगार किया गया। इसके बाद श्रीविष्णु लक्षार्चना किया गया और अर्चित पुष्प को मुख्य पुजारी ने जगन्नाथ स्वामी सहित अन्य के श्री चरणों पर समर्पित किया।इसके बाद आरती, जगन्नाथ अष्टकम का पाठ और रस्सा बंधन का विधान पूरा किया गया।पूजा-अर्चना में रामेश्वर पाढ़ी, रामेश्वर पाढ़ी, पं कौस्तुभधर नाथ मिश्रा, श्रीराम मोहंती, मदन पाढ़ी, विपिन उपाध्याय, अश्विनी नाथ मिश्रा, शशांकधर नाथ मिश्रा, समिति के प्रथम सेवक सेवायत ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव के अलावा अन्य भक्त पूजा में शामिल थे।

वहीं, रथयात्रा में हटिया विधायक नवीन जायसवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय सहित अन्य शामिल हुए।रथ का संचालन हटिया डीएसपी पीके मिश्रा कर रहे थे।

 

इधर शान्तिपूर्ण रथयात्रा सम्पन्न कराने के लिए पुलिस की टीम आईजी मनोज कौशिक के नेतृत्व में मुस्तैदी से लगी रही।आईजी के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथयात्रा की सुरक्षा व्यवस्थ संभाल रही थी।कल शांतिपूर्ण रथयात्रा सम्पन्न कराया गया।मौके पर एसएसपी,सिटी एसपी,यातायात एसपी,एएसपी,कोतवाली डीएसपी,हटिया डीएसपी,सहित कई डीएसपी और थानेदार के साथ साथ पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसबल मौजूद थे।

 

error: Content is protected !!