ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच,74 वर्षीय महिला से 9.10 लाख की साइबर ठगी
–व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी ट्रेडिंग एप के जरिए ठगों ने कराया निवेश
राँची। राजधानी में साइबर ठगों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 74 वर्षीय महिला से 9 लाख 10 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामले को लेकर कोतवाली थाना क्षेत्र के ओल्ड कमिश्नर कंपाउंड, लालजी हीरजी रोड निवासी बनशीशिखा बनर्जी ने साइबर अपराध थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब दो महीने पहले उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया, जिसमें ट्रेडिंग के जरिए अच्छा लाभ कमाने का प्रस्ताव दिया गया था। शुरुआत में उन्होंने इन संदेशों को नजरअंदाज किया, लेकिन बार-बार कॉल और मैसेज आने के बाद उन्होंने उनसे बातचीत शुरू की।
इसके बाद ठगों ने उन्हें “VIP Group Bridge” नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया, जिसमें करीब 68 सदस्य शामिल थे। ग्रुप में लगातार ट्रेडिंग से भारी मुनाफा होने के संदेश और स्क्रीनशॉट साझा किए जाते थे, जिससे उन्हें भरोसा हो गया। इसके बाद महिला ने निवेश करना शुरू कर दिया।
ठगों ने उन्हें “EPQC Prime” नाम का एक एप भी डाउनलोड करवाया, जिसमें निवेश की राशि और मुनाफे का फर्जी विवरण दिखाया जाता था। आरोप है कि ठग अलग-अलग व्हाट्सएप नंबरों से संपर्क करते थे और हर बार अलग-अलग यूपीआई आईडी तथा बैंक खातों में पैसे जमा कराने को कहते थे। खुद को सौरभ राठौर और सौरभ चौधरी बताने वाले इन लोगों ने इस तरह उनसे कुल 9.10 लाख रुपये ठग लिए।
जब ठगों ने और पैसे जमा करने का दबाव बनाया तो महिला पैसे निकालने के लिए आईसीआईसीआई बैंक पहुंचीं। वहां बैंक अधिकारी ने उनके मोबाइल और लेनदेन की जानकारी देखने के बाद बताया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं। इसके बाद पीड़िता ने साइबर अपराध थाना राँची में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

