गर्भवती नाबालिग प्रेमिका की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या,आरोपी प्रेमी गिरफ्तार..
गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के पुराना रायडीह गांव में मंगलवार को एक हत्या का मामला सामने आया। 19 वर्षीय युवक सुमन यादव ने अपनी नाबालिग प्रेमिका की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। मृतका पांच माह की गर्भवती थी।यह घटना सुबह करीब सात बजे हुई। प्रेमिका छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़, शांति नगर की रहने वाली थी। वह पिछले एक सप्ताह से सुमन के घर में रह रही थी। वारदात के समय आरोपी युवक घर में ही मौजूद था और उसने भागने का प्रयास नहीं किया। सूचना मिलने पर रायडीह थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी सुमन यादव को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने प्रेमिका की हत्या गुस्से में आकर करने की बात स्वीकार की है।आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे नाबालिग प्रेमिका को अपने घर में रखने को लेकर आत्मग्लानि हो रही थी। आरोपी की माँ ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले तीन-चार दिन से सोया नहीं था और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी।
हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस प्रेम संबंध, गर्भावस्था और सामाजिक दबाव जैसे विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना की पूरी सच्चाई जानने के लिए आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।

