लोहरदगा पुलिस ने उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के दो समर्थक को किया गिरफ्तार,हथियार बरामद…
लोहरदगा।झारखण्ड में लोहरदगा जिले में नक्सलियों और उग्रवादियों के खिलाफ अभियान में।पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लोहरदगा पुलिस ने उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के दो समर्थकों को गिरफ्तार किया है।इनकी निशानदेही पर भारी मात्रा में कारतूस और पिस्तौल बरामद किए गए हैं।पूछताछ में इन्होंने पुलिस को अहम जानकारियां भी दी हैं।पुलिस लंबे समय से जेजेएमपी उग्रवादियों के तंत्र को तोड़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली।जिसके बाद पुलिस की टीम ने कार्रवाई की। लोहरदगा जिला के सेन्हा थाना पुलिस ने सेन्हा थाना क्षेत्र से दो जेजेएमपी समर्थक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के बताए गए स्थान साके पहाड़ से दो पिस्टल, 82 पीस 5.56 एमएम के इंसास के कारतूस, तीन पीस आठ एमएम के कारतूस बरामद किए हैं।गिरफ्तार जेजेएमपी उग्रवादी समर्थकों में सेन्हा थाना क्षेत्र के हेसवे बाजारटोली निवासी नसीम अंसारी (पिता-सराफत अंसारी) और हेसवे निवासी श्यामलाल यादव (पिता- स्वर्गीय छटन यादव) शामिल है।दोनों जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के समर्थक बताए जा रहे हैं।जेजेएमपी समर्थकों की गिरफ्तारी के संबंध में लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि इस मामले में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-एए)/25 (1-बी)ए/26/35 के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। एसपी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि नसीम अंसारी जेजेएमपी संगठन का समर्थक है।वह अपने पास अवैध हथियार, गोली छुपा कर रखा हुआ है।इस सूचना पर सत्यापन एवं अग्रतर कार्रवाई को लेकर डीएसपी मुख्यालय समीर कुमार तिर्की और नव नियुक्त पुलिस उपाधीक्षक सह अंचल निरीक्षक लोहरदगा सुधीर प्रसाद साहू को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।गठित टीम द्वारा हेसवे में छापामारी कर नसीम अंसारी और श्यामलाल यादव को पकड़ा गया।इन दोनों से पूछताछ करने पर इनके घर के पास में ही साके पहाड़ में छुपा कर रखे गए अवैध हथियार के बारे में जानकारी मिली।जिसके बाद सर्च कर बताए गए स्थान से दो पिस्टल, 82 पीस 5.56 एमएम के इंसास के कारतूस, तीन पीस 8 एमएम के कारतूस बरामद किया गया।

