लातेहार पुलिस ने जेजेएमपी नक्सली संगठन के इनामी एरिया कमांडर समेत दो नक्सली को किया गिरफ्तार

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जेजेएमपी के दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार नक्सलियों में 2 लाख का इनामी एरिया कमांडर सुनील उरांव और मुकेश लोहरा शामिल है।दोनों लातेहार जिले के रहने वाले हैं।दरअसल लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी नक्सली संगठन का एरिया कमांडर सुनील उरांव अपने गांव सदर थाना क्षेत्र के नवागढ़ के पास देखा गया है।वहीं दूसरा नक्सली मुकेश लोहरा मनिका थाना क्षेत्र पुरनी पल्हेया गांव के आसपास है। सूचना थी कि दोनों नक्सली पुलिस से बचने के लिए गांव में छुपे हुए हैं। इस सूचना के बाद एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर डीएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम गठित की गई और नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई।पुलिस ने दोनों गांव में एक साथ अलग-अलग टीम बनाकर छापेमारी की और बुधवार की सुबह 3 से 4 बजे के बीच दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को प्रेस वार्ता करते हुए लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि गिरफ्तार एरिया कमांडर सुनील उरांव पर लातेहार समेत आसपास के थाना क्षेत्र में 7 से अधिक नक्सली मामले दर्ज हैं। वहीं एरिया कमांडर मुकेश पर भी दो नक्सल मामले दर्ज हैं।एसपी ने बताया कि पिछले दिनों हुए पुलिस के साथ मुठभेड़ में दोनों नक्सली शामिल थे। मुठभेड़ के बाद दोनों पुलिस से बचने के लिए संगठन से अलग होकर अलग-अलग गांव में छिप रहे थे।

लातेहार पुलिस ने जेजेएमपी नक्सली संगठन को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। 6 महीना के अंतराल में पुलिस ने जेजेएमपी नक्सली संगठन के सुप्रीमो समेत दो नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया था।वहीं कई नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिसिया कार्रवाई से डर कर जेजेएमपी नक्सली संगठन के सभी बड़े नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद जो नक्सली बचे हुए हैं, उनके खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी अभियान में डीएसपी अरविंद कुमार के अलावे थाना प्रभारी मनिका शशि कुमार, लातेहार के थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता, सब इंस्पेक्टर विक्रांत उपाध्याय, राहुल कुमार सिन्हा, विकास कुमार, धर्मवीर सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

error: Content is protected !!