लातेहार:20 दिनों से लापता युवक का शव जंगल में मिला,जांच में जुटी है पुलिस…
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिला के चंदवा थाना क्षेत्र के बनहरदी गांव निवासी मनोज उरांव नामक युवक का शव बरामद हुआ है।मामले की जानकारी होने के बाद डीएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है।पुलिस के द्वारा स्पेशल टीम को बुलाया गया है।मृतक के पास ही एक मोटरसाइकिल भी पड़ी हुई थी।मामला हत्या का है या फिर कोई और इसकी जांच पुलिस कर रही है। हालांकि मृतक के परिजनों का आरोप है कि मनोज उरांव की हत्या हुई है जो पिछले 20 दिनों से लापता था।दरअसल लातेहार एसपी कुमार गौरव को सूचना मिली कि जिला मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित झरिया के जंगल में एनएच-39 के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद डीएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम गठित की गई।हालांकि घटनास्थल पर जब पुलिस पहुंची तो पाया कि शव पूरी तरह सड़ चुका है और एक मोटरसाइकिल भी पड़ी हुई थी। शव की स्थिति को देखते हुए इसकी जांच के लिए स्पेशल टीम को बुलाई गई है।इधर घटना के बाद मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और इसे पूरी तरह हत्या का मामला बता रहे हैं। मृतक के पिता बालेश्वर उरांव ने बताया कि उनका बेटा मनोज उरांव गत 3 दिसंबर से ही घर से गायब था। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो चंदवा थाना में इस संबंध में आवेदन भी दिया था।मृतक के पिता ने बताया कि जब यह मामला स्थानीय विधायक के द्वारा विधानसभा में उठाया गया तो दबाव में आकर चंदवा थाना प्रभारी ने उनके आवेदन पर जांच शुरू की।इस संबंध में लातेहार डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन की।उन्होंने बताया कि शव काफी खराब हो गया है, इसलिए स्पेशल टीम के समक्ष इसकी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई।शव का पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही काफी कुछ खुलासा हो सकता है।उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

