बिहार से अपहृत बच्ची को झारखण्ड के रामगढ़ से बरामद किया है,एक गिरफ्तार..

रामगढ़। बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ से अपहृत बच्ची को झारखण्ड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी पुलिस ने शुक्रवार को नयामोड़ से बरामद कर लिया। पुलिस ने एक अपहरणकर्ता को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरा अपहर्ता फरार हो गया। पुलिस ने अपहरण के लिए प्रयोग में लाए गए इंडिका कार को भी जब्त कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अपहर्ता पेशे से खलासी है। जिसका नाम बिट्टू सिंह है। उसके पिता का नाम रामव्यास सिंह यादव है। वह मोहनिया के गौरा का रहने वाला है।

गिरफ्तार अपहर्ता बिट्टू के अनुसार, वह रोहतास निवासी अपने ट्रक मालिक अभिषेक के साथ कुजू, नया मोड़ आया था। ट्रक मालिक अभिषेक ने गुरूवार को अपने लोड ट्रक का माल राँची पहुंचाकर लौटने की बात कहते हुए, इंडिका कार (जेएच05बी-0166), बच्ची व उसे नयामोड़, कुजू में छोड़ दिया।

घटना के बारे में बताया गया कि बच्ची के अपहरण के बाद उसके परिजनों के द्वारा कैमूर के रामगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया गया था। कैमूर पुलिस को बच्ची की खोजबीन के दौरान अपहर्ता का मोबाइल नंबर ट्रेस करने पर उसका लोकेशन नयामोड़, कुजू मिला। कैमूर पुलिस ने तत्काल कुजू ओपी पुलिस से संपर्क साध कर मामले की जानकारी दी। कुजू ओपी प्रभारी धनंजय प्रसाद द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बिट्टू, बच्ची व प्रयुक्त इंडिका कार को कब्जे में कर लिया गया।

बताया जाता है कि करीब तीन वर्षीय बच्ची अपना नाम गोल्डी व पिता का नाम अरविंद नन्दू है। वह बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ निवासी है। कुजू ओपी पुलिस बच्ची गोल्डी के परिजनों व पुलिस को सूचित करते हुए अन्य शामिल अपहर्ता की तलाश में जुटी है। साथ ही गोल्डी के कुज्जु पहुँच गए हैं।