Jharkhand Police: आरोप ADG रैंक के अधिकारियों पर, जांच का जिम्मा IG-DIG पर…DGP ने 15 दिनों में मांगी है जांच रिपोर्ट
राँची।झारखण्ड पुलिस मुख्यालय में सुरक्षा उपकरणों की खरीद में गड़बड़ी के आरोपों की जांच के लिए डीजीपी अनुराग गुप्ता ने एक कमेटी गठित करते हुए जांच का आदेश दिया है। डीजीपी ने कहा है कि सभी आरोपों की गहन जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट दें।जांच टीम में आईजी मानवाधिकार नरेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी प्रोविजन पटेल मयूर कन्हैयालाल, डीआईजी झारखण्ड जगुआर इंद्रजीत महथा व डीआईजी विशेष शाखा मनोज रतन चोथे शामिल हैं।इस जांच टीम के सदस्यों से वरिष्ठ हैं और आईजी रैंक के अधिकारी हैं। शिकायतकर्ता आईजी पंकज कंबोज ने अपने वरिष्ठ एडीजी रैंक के तीन अधिकारियों पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। ऐसी स्थिति में जांच करने वाले जूनियर अधिकारी कितनी पारदर्शिता से जांच कर पाएंगे, इसे लेकर विभाग में तरह-तरह की चर्चा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पिछले तीन साल में पुलिस मुख्यालय के स्तर से जितने टेंडर हुए, उनमें कुछ खास कंपनियों को ही सुरक्षा उपकरणों की आपूर्ति का काम मिला। इन कंपनियों में अरिहंत ट्रेडिंग, कापरी काप, लाइफ लाइन व जेसी माइकल इनकारपोरेशन हैं। जीएस इंटरप्राइजेज को टायर आपूर्ति का टेंडर आवंटित हुआ।फर्नीचर, टेबल, कंप्यूटर व लैपटाप की खरीद में भी अनियमितता सामने आया है। आउटडेटेड कंप्यूटर झारखण्ड पुलिस ने नए माडल की कीमत पर खरीदा। ऐसे आरोपों की लंबी सूची है, जिसे जांच समिति को सत्यापन कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
सुरक्षा उपकरणों की खरीद में गड़बड़ी मामले में आईजी पंकज कंबोज ने अपने सीनियरों व सरकार को रिपोर्ट दी थी। उक्त अधिकारी ने ही पूरे मामले की जांच की अनुशंसा की थी। उन्होंने बताया था कि पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा उपकरणों की खरीद दो से चार गुणा कीमत पर की गई है। इसमें पुलिस मुख्यालय के कुछ अधिकारी व कर्मी शामिल हैं।रिपोर्ट के अनुसार, एक्स-रे बैगेज की खरीद में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। जिस एक्स-रे बैगेज को हिमाचल पुलिस ने दस लाख रुपये में, यूपी पुलिस ने 12 लाख में खरीदा, उसी एक्स-रे बैगेज झारखण्ड पुलिस ने 24 लाख रुपये में खरीदा था। इतना ही नहीं, बिना टेंडर के ही नाइट विजन डिवाइस की खरीदारी की गई है।
झारखण्ड पुलिस ने कपरी काप नाम की कंपनी से दस नाइट विजन डिवाइस खरीदी थी और इसके बदले में झारखण्ड पुलिस ने कंपनी केा करीब 1.50 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। जिस नाइट विजन कैमरा को यूपी जेल प्रशासन ने 4.21 लाख रुपये में खरीदा था, उसे झारखण्ड पुलिस ने 14.98 लाख रुपये में खरीदा था।झारखण्ड पुलिस ने ओरियन 900 माडल की नन लीनियर जंक्शन डिटेक्टर (एनएलजेडी) को 17.50 लाख रुपये का भुगतान कर खरीदा था, उसे बिहार पुलिस ने केवल 12 लाख रुपये में खरीदा।

