झारखण्ड:ब्लैकमेलिंग और झूठी खबर फैलाने का आरोप में दो पत्रकारों पर केस दर्ज…
राँची।झारखण्ड के खूंटी जिले के कर्रा अंचल के राजस्व उप निरीक्षक एवं प्रभारी अंचल निरीक्षक दीपक कुमार कुजूर की लिखित शिकायत पर जिले के पत्रकार सोनू अंसारी और विश्वकर्मा उरांव उर्फ विशु के खिलाफ कर्रा थाना में मामला दर्ज किया गया है। दोनों पर ब्लैकमेलिंग, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सोशल मीडिया पर झूठी खबर फैलाने और अंचल कार्यालय की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में आरोपों की जांच के बाद अंचल अधिकारी, कर्रा द्वारा थाना प्रभारी को औपचारिक पत्र भेजा गया, जिसके आधार पर दोनों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 221, 308, 351, 352, 356 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दर्ज एफआईआर के अनुसार, घटना 18 नवंबर 2025 की है, जब एक चैनल के पत्रकार सोनू अंसारी और उनके साथ विश्वकर्मा उरांव कर्रा अंचल कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि कार्यालय में मौजूद कर्मियों पर दबाव डालते हुए उन्होंने अवैध तरीके से प्रभाव बनाने का प्रयास किया, जिससे सरकारी कार्य बाधित हुआ और कर्मचारियों की साख प्रभावित हुई।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि 24 नवंबर 2025 को पत्रकार सोनू अंसारी ने अपने फेसबुक अकाउंट से अंचल कार्यालय का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें झूठी एवं अपमानजनक जानकारियां प्रसारित की गईं। इससे पहले विश्वकर्मा उरांव ने भी वही वीडियो अपलोड किया था। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सरकारी कर्मचारियों को बदनाम करने और जनमानस को लोकसेवकों के खिलाफ भड़काने की कोशिश की। दर्ज प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि सोनू अंसारी पूर्व में भी ऐसी गतिविधियों में शामिल रहा है। इससे पहले उनके खिलाफ पहले से ही कर्रा थाना में इसी तरह के मामले दर्ज हैं जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। इधर, पुलिस मामले की जांच में गंभीरता से जुट गई है।

