झारखण्ड बना साइबर कॉरिडोर:जामताड़ा को देशभर में लोग ठगी के लिए जानने लगे तो वहां के साइबर अपराधी राँची, देवघर,गिरिडीह और दुमका में हो गए शिफ्ट

–सीआईडी ने 7 महीने में 1028 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार, इनमें सबसे अधिक गिरफ्तारी देवघर जिले से, साइबर अपराधियों के 32 हजार सिम ठगी में एक्टिव

राँची।झारखण्ड का जामताड़ा जिला साइबर ठगी के लिए पूरे देश में विख्यात है। जामताड़ा के साइबर अपराधियों को लेकर फिल्म तक बन चुकी है। जामताड़ा को जब लोग पूरे देश भर में जानने लगे तो वहां के साइबर अपराधी अब पुलिस से बचने के लिए दूसरे जिलों में शिफ्ट हो रहे है। साइबर अपराधियों ने अब झारखण्ड में ठगी के लिए साइबर कॉरिडोर बना लिया है। जामताड़ा के साइबर अपराधी अब राँची, देवघर, गिरिडीह और दुमका में हुए शिफ्ट हो गए है। इन्हीं जिलों से रहकर अब ये लोगो को अपने नए नए तरीकों से ठगी का शिकार बना रहे है। अपराध अनुसंधान विभाग(सीआईडी) के आंकड़ों के अनुसार पूरे झारखण्ड में करीब 32 हजार सिम साइबर ठगी के लिए एक्टिव है। सीआईडी के साइबर क्राइम थानों की पुलिस ने महज सात महीनों में पूरे झारखण्ड में 1028 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ऐसा झारखण्ड में पहली बार हुआ है जब इतनी बड़ी संख्या में साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है।

जामताड़ा से सटे करमाटांड, सारठ, मधुपुर में जंगल और मैदानी इलाका, यहीं से ज्यादा ठगी

जामताड़ा से सटे करमाटांड, सारठ और मधुपुर इलाके में जंगल और मैदानी इलाका दोनों है। इसलिए साइबर अपराधी इन इलाकों को साइबर ठगी के लिए ज्यादा इस्तेमाल कर रहे है। क्योंकि उन्हें साइबर ठगी करने के लिए खुला इलाका और छिपने के लिए जंगल दोनों चाहिए। इन्हीं इलाकों को साइबर अपराधी ठगी के लिए ज्यादा इस्तेमाल कर रहे है। ये साइबर ठगी के लिए इन इलाकों को सुरक्षित भी मानते है।

सीआईडी ने साइबर अपराधियों के सिम को प्रतिबिंब एप के माध्यम से कर रही है ट्रेस

सीआईडी ने जबसे प्रतिबिंब एप का इस्तेमाल साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए शुरू किया है पूरे झारखण्ड में महज सात माह में सबसे अधिक गिरफ्तारी हुई है। सीआईडी के अनुसार राँची जिले में 1016 सिम ठगी के लिए एक्टिव है। वहीं देवघर जिले में 18337, जामताड़ा जिसे में 5225, दुमका में 3487, धनबाद जिले में 1363, गिरिडीह में 933, हजारीबाग में 461 और जमशेदपुर में 290 सिम ठगी के लिए एक्टिव है।

इन जिलों में सबसे अधिक गिरफ्तारियां

जिला-गिरफ्तारियां-दर्ज केस

देवघर  504  81
जामताड़ा 152  39

गिरिडीह 193  33
हजारीबाग 49  18
कोडरमा 24  08

2284 मोबाइल व 3374 सिम हुए है जब्त

पिछले सात महीने में पूरे झारखण्ड में साइबर अपराध थाना की पुलिस की हुई कार्रवाई में साइबर अपराधियों के पास से 2284 मोबाइल को जब्त किया गया है। वहीं 3374 सिम भी पुलिस ने जब्त किया है।