जामताड़ा सिविल कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की मिली धमकी,पुलिस ने पूरे परिसर की जांच
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा सिविल कोर्ट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब ईमेल के जरिए कोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी मिलने की खबर फैलते ही पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर दी गई और हर तरफ पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बताया जा रहा है कि यह धमकी तमिलनाडु के एक संगठन के नाम से भेजे गए ईमेल के जरिए दी गई है। मेल में कोर्ट पर ड्रोन से बम हमला करने की बात लिखी गई थी। जैसे ही इसकी सूचना अधिकारियों को मिली, तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।धमकी की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर में अचानक हलचल बढ़ गई। पुलिस की गाड़ियां और अधिकारी मौके पर पहुंचने लगे। एसपी राजकुमार मेहता खुद कोर्ट परिसर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में आने-जाने वालों में भी दहशत का माहौल दिखा। एसपी ने एहतियात के तौर पर पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी। कोर्ट के गेट पर कड़ी जांच शुरू कर दी गई और हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जाने लगी। पुलिसकर्मी कोर्ट के अलग-अलग हिस्सों में तैनात कर दिए गए
एसपी राजकुमार मेहता के अलावा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीतीश कुमार सांगा ने कोर्ट और अधिवक्ता परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। मौके पर हेड क्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो भी अपनी टीम के साथ पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर का चक्कर लगाकर हालात का जायजा लिया।
सुरक्षा को देखते हुए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कोर्ट के सभी कमरों, गलियारों और आसपास के हिस्सों की बारीकी से जांच की। हर उस जगह की तलाशी ली गई जहां कोई संदिग्ध चीज हो सकती थी। करीब काफी देर तक तलाशी अभियान चलता रहा, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी वाले ईमेल की गंभीरता से जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं। फिलहाल कोर्ट परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा कड़ी रखी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले को हल्के में नहीं लिया जा रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

