जामताड़ा:बालाजी ज्वेलर्स लूटकांड व गोलीकांड के खुलासा,चार अपराधी गिरफ्तार… देवघर के गिरोह ने दिया था घटना को अंजाम…
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा शहर में जामताड़ा थाना क्षेत्र के कायस्थपाड़ा चौक स्थित बालाजी ज्वेलर्स में हुई लूट व फायरिंग कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। दो अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार, तीन बाइक और लूट के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। एसपी राजकुमार मेहता ने शनिवार को जामताड़ा थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। एसपी ने बताया कि देवघर के पड़रिया गांव निवासी अजीत यादव (26 वर्ष) और पालाजोरी थाना क्षेत्र के जरमुंडी गांव निवासी हसमत अंसारी (22 वर्ष) को बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।वहीं तलाशी के दौरान अजीत यादव के पास से 7.65 एमएम बोर का लोडेड देशी पिस्टल बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इन दोनों गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने देवघर जिले के बदियामोड़ निवासी चंदन कुमार साह (18 वर्ष) और मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोंका गांव निवासी मुकेश यादव (20 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया। दो आरोपी अब भी फरार इस कांड में शामिल अनिल सिंह और प्रवीण कुमार फिलहाल फरार हैं। अनिल सिंह देवघर जिले के सरसा गांव का निवासी है, वहीं प्रवीण कुमार मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोंका गांव का रहने वाला है। एसपी ने दावा किया कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपराधी चंदन कुमार के पास से घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर बाइक, लूट के समय पहने गए कपड़े और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि अपराधियों ने लूटे गए सोने के आभूषणों को नष्ट करने का प्रयास किया था। इस दौरान जले हुए आभूषण रखने वाले कैरेट के अवशेष बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास लंबा है और इस गिरोह का मुख्य अपराध क्षेत्र देवघर जिला रहा है। इनके विरुद्ध विभिन्न थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई संगीन मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि बालाजी ज्वेलर्स लूट व फायरिंग कांड के सफल उद्भेदन को लेकर तीन एसआईटी का गठन किया गया था। इस विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) की भूमिका सराहनीय रही। बताया कि विभिन्न थानों और अनुमंडलों के पदाधिकारियों को शामिल कर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार किया। छापेमारी टीम (एसआईटी) में एसडीपीओ जामताड़ा विकास आनंद लागुरी सहित जिले के कई थाना प्रभारी और देवघर जिले के सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार, पालाजोरी थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम, मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार शामिल है।
एसपी ने बताया कि 24 दिसंबर की शाम करीब छह बजे दो बाइक पर सवार अपराधियों ने बालाजी ज्वेलर्स में हथियार के बल पर लूटपाट की थी। विरोध करने पर दुकान मालिक अमन वर्मा को गोली मार दी गई थी। इस घटना के बाद अपराधी बाजार में हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। मामले को लेकर जामताड़ा थाना में कांड संख्या 137/25 दर्ज की।

