गोड्डा में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए सूर्या हांसदा के घर पहुंचे जयराम महतो, बोले- वे अपराधी नहीं बागी थे…
गोड्डा।जेएलकेएम सुप्रीमो विधयाक जयराम महतो झारखण्ड के गोड्डा जिले के लालमटिया के डकैता गांव पहुंचे। जहां एनकाउंटर में मारे गए सूर्या हांसदा के परिवार के लोगों से मुलाकात की।इस दौरान जयराम महतो ने कहा कि सूर्या हांसदा ने कोयला कंपनी की मनमानी के खिलाफ आवाज उठाई थी। वे अपराधी नहीं बल्कि बागी थे।
उन्होंने इस कंपनी की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से करते हुए कहा कि संथाल परगना हो या धनबाद या फिर टाटा, इन सभी जगहों पर स्थानीय, आदिवासी को प्रताड़ित किया जाता है या फिर उसे सूर्या हांसदा की तरह गोली मार दी जाती है।
उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की एक कविता का उल्लेख करते हुए कहा कि अभी सच्ची आजादी नहीं मिली है। आज भी कोलकाता की सड़कों पर लोग भूखे पेट सोते हैं। झारखण्ड में लोग बेरोजगार भटक रहे हैं, जिसकी कोई सुध नहीं ली जाती है। लेकिन अपने हक के लिए उठने वाले आवाज को दबा दिया जाता है। लेकिन आवाज जरूरी है तो उठेगी।गोली चलेगी, लेकिन एक दिन जब पूरे राज्य से आवाज उठेगी तो उनकी गोलियां कम पड़ जाएंगी।
गोड्डा पुलिस के एक पदाधिकारी पर तंज कसते हुए जयराम महतो ने कहा कि जो हर बात पर रील बनाते हैं,उन्होंने एनकाउंटर का वीडियो क्यों नहीं बनाया।इसे भी बताना चाहिए।जयराम महतो ने कहा कि सूर्या हांसदा गरीब बच्चों के लिए एक निःशुल्क स्कूल चला रहे थे, जिसमें लगभग 300 बच्चे पढ़ते थे। इसमें हम उनकी मदद करेंगे।
वहीं, पूरे मामले की सीबीआई द्वारा जांच की मांग की।मौके पर सूर्या के भाई महेंद्र हांसदा,मां,पत्नी और और आसपास के कई लोग मौजूद थे।

