लोहा कारोबारी का फ्रॉड पकड़ा गया…पलामू में 35 करोड़ की GST चोरी…कारोबारी गिरफ्तार
जमशेदपुर/पलामू।झारखण्ड में बड़ी टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। यहां के पलामू के बड़े लोहा कारोबारी प्रमोद अग्रवाल को जीएसटी इंटेलिजेंस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया और जमशेदपुर ले आई। उनके खिलाफ करीब 35 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के आरोप हैं। शाम को करोबारी की एमजीएम अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई। आज शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, अग्रवाल की शुभ लक्ष्मी ट्रेडर्स नामक नामक कंपनी है। उसके माध्यम से बिना किसी कागजात के 150 से 200 करोड़ की लोहा बिक्री की गई। इस पर 18% की दर से जीएसटी नहीं चुकाया। इसकी भनक के बाद मंगलवार को जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम जमशेदपुर यूनिट के अपर निदेशक सार्थक सक्सेना के नेतृत्व में मेदिनीनगर पहुंची कारोबारी के घर, कार्यालय और गोदाम में एक साथ मारे गए। गुरुवार रात तक कार्रवाई में कंप्यूटर, बही-खाते की जांच में चोरी के विवरण मिले। कारोबारी से पूछताछ में भी कर चोरी की पुष्टि होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सूत्र बताते हैं कि अग्रवाल का कारोबारी कनेक्शन जमशेदपुर सहित झारखण्ड के कई शहरों के व्यापारियों से भी है। अब इन कनेक्शनों की जांच की जा रही है।
माना जा रहा है कि यह झारखण्ड-बिहार में कच्चे में कारोबार के बड़े मामलों में से एक है। सूत्र बताते हैं कि यह पूरी कार्रवाई जीएसटी इंटेलिजेंस के पटना जोनल यूनिट के निदेशक ज्योति कुमार बुबाना के निर्देश पर चलाई गई।

