IPS राकेश रंजन ने राँची के नए SSP का पदभार किया ग्रहण, बोले-जनता को बेहतर पुलिसिंग देना लक्ष्य..
राँची। 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी राकेश रंजन ने शुक्रवार को राँची के 74 वें वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार संभाल लिया है। राँची के निवर्तमान एसएसपी चंदन सिन्हा ने उन्हें पदभार सौंपा और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
पदभार ग्रहण करने के बाद राकेश रंजन ने कहा कि चंदन सिन्हा सर के नेतृत्व में राँची पुलिस ने बेहतर कार्य किया है। इसी को आगे बढ़ाया जाएगा। आगे उन्होंने कहा कि राजधानी में काम करना एक बड़ी चुनौती है और वे इस चुनौती को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और लगन के साथ निभाएंगे।
नए एसएसपी का स्वागत करते हुए राँची के कोतवाली डीएसपी, सिटी डीएसपी,सदर डीएसपी,मुख्यालय वन और टू डीएसपी
अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक पर रहेगा विशेष जोर
नए एसएसपी ने अपराध नियंत्रण को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।उन्होंने कहा कि राजधानी में छोटे से छोटे और बड़े से बड़े सभी आपराधिक मामलों पर लगाम कसना बेहद ज़रूरी है।इसके लिए सभी थानेदारों को विशेष टास्क दिए जाएंगे ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।इसके साथ ही,उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।
जनता के लिए 24 घंटे उपलब्ध
राकेश रंजन ने राँची की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे 24 घंटे उनके लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि उनका मोबाइल फोन हमेशा ऑन रहता है, और कोई भी व्यक्ति किसी भी समय उनसे सीधे संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है।उन्होंने जनता से बेहतर पुलिसिंग में सहयोग करने की अपील भी की। एसएसपी ने यह भी कहा कि राँची पुलिस ने जो अच्छे काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने का काम जारी रहेगा।उनका एकमात्र लक्ष्य जनता को सुरक्षित और बेहतर पुलिसिंग का अनुभव देना है।
इससे पहले आज ही राँची के सिटी एसपी पारस राणा ने भी पदभार ग्रहण कर लिए हैं।

